ब्रजेश भारती सहरसा। जिले में 18 फरवरी को सिमराहा चौक के पास हुई अधिवक्ता पुत्र 13 वर्षीय बालक अंकित आनंद की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस जघन्य हत्याकांड की वजह जमीन के रास्ते (आवागमन) को लेकर चल रहा पुराना विवाद था। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन सगे भाइयों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
एसआईटी ने वैज्ञानिक तरीके से की जांच
घटना के बाद मृतक के पिता अधिवक्ता अनुज कुमार निराला की लिखित शिकायत पर सदर थाना में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सहरसा के पुलिस अधीक्षक हिमांशु के निर्देश पर सदर एसडीपीओ आलोक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और डीआईयू (DIU) की मदद से वैज्ञानिक तरीके से तफ्तीश शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। चश्मदीदों के बयानों और फुटेज के गहन विश्लेषण से मुख्य आरोपी पवन कुमार की पहचान सुनिश्चित हुई। पवन सिमराहा के वार्ड नंबर 35 निवासी सुधाकर ठाकुर का बेटा है।
खगड़िया से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
सुराग मिलते ही पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी। सिमराहा स्थित घर से पवन के दो भाइयों संतोष ठाकुर और मंतोष ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, मुख्य आरोपी पवन कुमार को खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र के रोहियार गांव से दबोचा गया। गिरफ्तारी के दौरान वारदात के समय पहने गए कपड़े और हेलमेट भी बरामद कर लिए गए।
दो बाइक और मोबाइल जब्त
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बसनही से हत्या में इस्तेमाल की गई एक 'राइडर' बाइक, एक अपाचे मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। वहीं, एक फरार सहयोगी के कपड़े मधेपुरा जिले के पुरैनी से बरामद किए गए हैं।
सुनियोजित साजिश के तहत की गई हत्या
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिवार द्वारा खरीदी गई जमीन पर रास्ते को लेकर उनका पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उन्होंने सुनियोजित तरीके से इस हत्या को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों भाइयों का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। उनके खिलाफ इनाम घोषित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

No comments:
Post a Comment