Thursday, 26 February 2026

Bihar News: शादी की खुशियां बदलीं मातम में, अज्ञात हाइवा की टक्कर से बारात जा रहे युवक की मौत; 4 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया




सहरसा। जिले के वनगांव थाना क्षेत्र में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक तेज रफ्तार अज्ञात हाइवा ट्रक ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को रौंद दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

बारात जाने के दौरान राजौरा के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मुरली बसंतपुर पंचायत के वासुदेव वार्ड नंबर 11 निवासी मिथिलेश कुमार (25) अपने चचेरे भाई दीपक कुमार (20) के साथ गांव के ही राजू कुमार की बारात में शामिल होने के लिए बघवा गांव जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में राजौरा के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मिथिलेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, स्वर्गीय बालेश्वर मुखिया के बेटे दीपक को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

ओडिशा में मजदूरी कर चलाता था घर, रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मिथिलेश अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार का एकमात्र सहारा था। वह ओडिशा के बरपाली स्थित एक पानी प्लांट में मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता था। उसके निधन से पत्नी और चार मासूम बच्चों (तीन बेटे और एक बेटी) के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

तलाश में जुटी पुलिस

वनगांव थानाध्यक्ष हरिश्चंद्र ठाकुर ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की जान गई है और दूसरा घायल है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार वाहन व उसके चालक की तलाश की जा रही है। 

No comments: