Friday, 20 February 2026

दहेज की भेंट चढ़ी दो मासूम बच्चियों की मां, बाइक के लिए फंदे से लटकाने का आरोप, ससुराल वाले फरार


सहरसा
से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां महिषी थाना इलाके में दहेज के दानवों ने कथित तौर पर एक विवाहिता की जान ले ली। महिला का शव उसी के कमरे में फंदे से लटकता हुआ मिला है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हैं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मृतका की पहचान महिषी थाना क्षेत्र के झाड़ा पंचायत के टिकाऊलवा वार्ड नंबर 10 निवासी नीरज सादा की 28 वर्षीय पत्नी कुंती देवी के रूप में हुई है।

बाइक के लिए ले ली मेरी बेटी की जान

मृतका का मायका महिषी प्रखंड के बलियासिमर गांव में है। मृतका के पिता महेन्द्र सादा ने बताया कि ससुराल पक्ष की तरफ से बार-बार एक बाइक की डिमांड की जा रही थी। उन्होंने रोते हुए आरोप लगाया कि जब वे लोग बाइक की मांग पूरी नहीं कर सके, तो ससुराल वालों ने उनकी बेटी को फांसी के फंदे से लटका कर बेरहमी से मार डाला।

गुरुवार शाम मां से हुई थी बात, सब कुछ था ठीक

पिता महेंद्र सादा ने बताया कि गुरुवार की शाम तक उनकी पत्नी (मृतका की मां) की बेटी कुंती से फोन पर बात हुई थी। उस वक्त कोई विवाद नहीं था और सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन अचानक मायके के पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने फोन कर सूचना दी कि आपकी बेटी की मौत हो चुकी है। यह मनहूस खबर सुनते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। जब मृतका के माता-पिता बदहवास हालत में बेटी के ससुराल पहुंचे, तो वहां घर के सभी सदस्य फरार थे और बेटी का शव पड़ा था। मृतका की मां ललिता देवी ने रो-रोकर पुलिस से गुहार लगाई है कि उनकी बेटी को मौत के घाट उतारने वाले दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ कर सलाखों के पीछे भेजा जाए।

दो मासूम बच्चियों के सिर से उठा मां का साया

बताया जा रहा है कि कुंती देवी अपने माता-पिता की चार बेटियों में तीसरे नंबर पर थी। उसकी दो छोटी-छोटी बेटियां हैं, जिनमें एक की उम्र महज 2 साल और तीन साल है। इस घटना ने इन दोनों बच्चियों के सिर से हमेशा के लिए मां का साया छीन लिया है। मृतका का पति नीरज सादा पंजाब में रहकर मजदूरी करता है। घटना के वक्त भी वह पंजाब में ही था।

पुलिस का क्या कहना है?

घटना को लेकर महिषी थाना के थानाध्यक्ष जयशंकर मिश्र ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आ गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

No comments: