Showing posts with label खगड़िया. Show all posts
Showing posts with label खगड़िया. Show all posts

Saturday, 2 February 2019

सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन हादसा : खगड़िया की दो महिलाओं की हुई मौत

कुंभ नहाने जा रही थी महिलाएं परिजनों में शोक की लहर

खगड़िया : सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन हादसे में खगड़िया की दो महिलाओं की रविवार तड़के मौत हो गयी है. दोनों महिला कुंभ नहाने जा रही थी।

मृतक श्रद्धालुओं के नाम इलचा देवी और इंदिरा देवी (55) हैं. दोनों खगड़िया नगर थाना क्षेत्र के बलुआही मुहल्ला की रहने वाली थीं।

उनके साथ जा रहे अन्य श्रद्धालुओं ने फोन करके खगड़िया में सूचित किया. सूचना मिलते ही बलुआही मुहल्ला में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि खगड़िया से 50 श्रद्धालुओं का एक दल तीर्थराज प्रयाग में कुंभ स्नान करने जा रहा था. इलचा और इंदिरा इसी जत्थे का हिस्सा थीं।

रेलवे बोर्ड के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार रेल हादसे में सात लोगों की मौत हो गयी हैं और 29 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से दो की हालत नाजुक है। मृतकों में से छह की पहचान इलचा देवी (66), इंदिरा देवी (6०), शम्सुद्दीन आलम (26), अंसार आलम (19), शाईदा खातून (4०) और सुदर्शन दास (6०) के रूप में की गयी है।  सातवें मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।

- राज्यपाल लाल जी टंडन ने बिहार के सहदेई बुजुर्ग रेलवे स्टेशन के नजदीक हुई  सीमांचल एक्सप्रेस की रेल-दुर्घटना पर गहरा दुःख और संवेदना व्यक्त की है।राज्यपाल ने इस रेल दुर्घटना में मरे लोगों की आत्मा को चिरशांति  तथा उनके शोकसंतप्त पारिवारिक सदस्यों को धैर्य-धारण की क्षमता प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।राज्यपाल ने इस  रेल- हादसे में घायल यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।राज्यपाल श्री टंडन ने विश्वास व्यक्त किया है कि स्थानीय प्रशासन और रेल प्रशासन मिलकर तत्परता पूर्वक राहत एवं बचाव कार्य संचालित करेंगे।

- उपमुख्यमंत्री ने सुशील कुमार मोदी ने हाजीपुर के पास सीमांचल एक्स. के दुर्घटनाग्रस्त होने पर दुख जताया है। कहा कि पीएमसीएच और एनएमसीएच को अलर्ट कर दिया गया है। पीएमसीएच में घायलों के इलाज के लिए तत्काल 20 बेड को सुरक्षित कर दिया गया है। पटना में रैली का आयोजन करने वाली कांग्रेस से अपील किया है कि सड़कों को बाधारहित  रखें ताकि घायलों को लेकर आने वाली एम्बुलेंस जाम में नहीं फंसे।

- सीमांचल एक्सप्रेस हादसे पर ट्वीट करके पीएम मोदी ने मृतकों के परिवार से संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा है कि ट्रेन के डिब्बों के पटरी से उतरने के कारण हुए जानमाल के नुकसान से दुखी हूं और उम्मीद करता हूं घायल जल्दी ठीक होंगे। उन्होंने कहा कि रेलवे, एनडीआरएफ और स्थानीय अधिकारी दुर्घटना के मद्देनजर हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।
- रेलवे ने हादसे में मरने वालों के परिवार को पांच लाख रुपये का मुआवजा और गंभीर रूप से घायलों को एक लाख रुपये और घायल हो पचास हजार रुपये का मुजावजा देने की घोषणा की है। घायलों के अस्पताल का सारा खर्च रेलवे उठाएगा। 

- ईस्ट सेंट्रल रेलवे के जनरल मैनेजर ने एलसी त्रिवेदी ने बताया कि सीमांचल एक्सप्रेस हादसे में मरने वाले लोगों की संख्या सात हो गई है
- सीमांचल एक्सप्रेस हादसे में 11 कोच प्रभावित हुए और 11 में से तीन कोच बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए 

Sunday, 30 December 2018

एनएच किनारे दो अज्ञात युवकों का शव बरामद, क्षेत्र में सनसनी

शव की नहीं हो सकी पहचान, जांच में जुटी पुलिस, शरीर पर जख्म के निशान

खगड़िया से सहयोगी संवाददाता की रिपोर्ट :-

बिहार में अपराध रूकने का नाम नहीं ले रहा है। आये दिन हत्या आम बात हो गई है। रविवार सुबह खगड़िया जिले से दो युवकों की हत्या का मामला सामने आया है। दोनों युवकों की हत्या कर शवों को एनएच के किनारे फेंक दिया गया था। 
दो शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।

दोनों युवकों के शव खगड़िया जिले के पसराहा थाना के एनएच 31 पर बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों अज्ञात युवकों के शरीर पर जख्म के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि युवकों की पिटाई करने के बाद उनकी हत्या की गई है। हत्या के बाद दोनों शवों को सड़क के किनारे फेंक दिया गया है।

दो युवकों की हत्या के मामले में पसराहा थाना के एएसआई जयराम पाल ने आशंका जताई है कि इन शवों को किसी दूसरे जगह से लाकर यहां फेंका गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस छानबीन कर रही है। इसके बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

Thursday, 27 December 2018

डुमरी पुल का सीएम ने किया लोकार्पण, आठ वर्षों बाद हुआ आवागमन शुरू

आठ वर्षों बाद कोशी का सड़क मार्ग से सीधा सम्पर्क हुआ बहाल 

एक माह से पुल चालू व बंद के ड्रामे का आज हो खेल खत्म

खगड़िया से सहयोगी संवाददाता की रिपोर्ट :-

खगड़िया जिले के बेलदौर प्रखंड के अन्तर्गत उसराहा गांव के समीप कोशी-बागमती के संगम तट बना बहुचर्चित बीपी मंडल हेतू का लोकार्पण आठ वर्षों बाद सुबे के मुखिया नीतीश कुमार के द्वारा किया गया। इसके साथ ही गत दिनों से पूल बंद व चालू का चला आ रहा ड्रामे का अंत हो गया।
गुरुवार मुख्यमंत्री सहित अन्य नेताओं ने रिमोट का बटन दबाकर बीपी मंडल सेतु का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री द्वारा उदघाटन किये जाने के साथ ही पुल पर भारी वाहनों का परिचालन शुरू हो गया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और नंद किशोर यादव भी मौजूद थे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के किसी कोने से पांच घंटे में पटना पहुंचा जा सकता है। इस पर काम हो रहा है। 
कोसी की लाइफ लाइन पर वाहनों के परिचालन से कोसी के साथ बेलदौर का भी विकासा होगा। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में एक नया स्टेट हाइवे बनाया जायेगा। स्टेट हाइवे का काम जल्द ही चौघरा से शुरू क्या जायेगा। मुख्यमंत्री ने कोसी तथा खगड़िया के लोगों को सौगात देते हुए कहा कि बदला घाट फंगो हाल्ट से सहर्षा की दूरी मात्र 15 किलोमीटर हो गयी है। चार नदियां हैं। सभी नदियों पर पुल बना कर सहर्षा, मधेपुरा, सुपौल को एक अलग सड़क से जोड़ा जायेगा।

इसका भी डीपीआर तैयार करने को कहा गया है।करीब 56 करोड़ की लागत से तैयार किये गये केबल ब्रिज पर उद्घाटन के बाद वाहनों का परिचालन होने लगा।
मालूम हो कि कोसी नदी पर एनएच-107 पर डुमरी घाट पर बना बीपी मंडल पुल वर्ष 2010 में क्षतिग्रस्त हो गया था। आठ साल से बंद बीपी मंडल पुल के पुन: चालू होने से महेशखूंट से सिमरी बख्तियारपुर, सहरसा, मधेपुरा होते हुए पूर्णिया जाने में सहूलियत होगी। साथ ही पटना से पड़ोसी देश नेपाल जाना आसान हो गया।

Tuesday, 25 December 2018

खगड़िया : जनता दर्शन प्रोग्राम में पीएम मोदी पर जमकर बरसीं राजद नेत्री कृष्णा

खगड़िया जिले के परवत्ता में आरजेडी का जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित

देश की जनता के साथ मोदी जी ने ठगने एवं झूठ बोलने का काम किया : कृष्णा

खगड़िया से सहयोगी संवाददाता की रिपोर्ट :-

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के जनता को धोखा देकर वादाखिलाफी किया है,जिसे आगामी,2019 के लोक सभा चुनाव में जनता सबक सिखायेंगी।
उक्त बातें संसदीय क्षेत्र,खगड़िया के परवत्ता विधान सभा में खीराडीह ग्राम पंचायत अन्तर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय के प्रांगण में राजद द्वारा आयोजित जनता -दर्शन कार्यक्रम में राजद नेत्री पूर्व लोक सभा प्रत्याशी कृष्णा कुमारी यादव ने अपने संबोधन में कही।

श्रीमति यादव ने कहा कि देश में आम सभा चुनाव चन्द महीने शेष रह गया है। 2014 के लोक सभा चुनाव के दौरान एनडीए के तत्कालीन प्रधानमंत्री उम्मीदवार के तौर पर  नरेन्द्र मोदी ने जो-जो वादा किया था वो सब भूलकर  विदेश घुमने में गुजार दिये। विदेश यात्रा पर हुए खर्च की राशि से लाखों युवाओं का भाग्य बदल सकता था। लेकिन वे इस ओर ध्यान नहीं दिया।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी,भष्ट्राचार समाप्त करने,विदेश से काला धन की वापसी सहित देश के किसानों  की आय में वृद्धि का जो नरेन्द्र मोदी ने  सपना दिखाया था वो सब क्या हुआ ? देश के पचास प्रतिशत युवा नौकरी पेशा के लिए दर-दर भटक रहे हैं।किसानों की आय भी नहीं बढ़ी उल्टे खाद-बीज का दाम बढ़ा दिया गया। देश में आज किसान आत्म हत्या कर रहे हैं। भ्रष्टाचार चरम पर है। ग्राम पंचायत से लेकर  सचिवालय और देश के मंत्रालय तक बगैर रिश्वत का कोई काम नहीं होता है। विदेशों में जमा कालाधन तो देश नहीं ला सके,लेकिन देश का धन विजय माल्या,ललित मोदी,नीरव मोदी,मोहूल चौकसी व जैन बंसू लेकर चला गया,ये कुछ नहीं कर पाये।

देश नोटबंदी और जीएसटी से लूट गया,बर्बाद हो गया।उन्होंने कहा था कि नोटबंदी के लिए मुझे सौ दिन दीजिए अगर सौ दिन में देश को फायदा नहीं दिखेगा तो मुझे देश के चौराहे पर बुलाकर जो सजा दीजिएगा वो मंजूर होगा।क्या प्रधानमंत्री जी सजा के लिए तैयार हैं ?ना हीं काला धन स्वदेश वापस ला सके, ना हिं आतंकवाद बंद हुआ और ना काले कारोबार के धंधे। जीएसटी से छोटे व मध्यमवर्गीय व्यापारी तवाह हो गया।उनका रोजगार चौपट हो गया।
किसान तथा छोटे व्यापारी का आमदनी बढ़ा नहीं।
जबकि देश के चन्द पूंजीपत्ती व उद्योगपति का इनके कार्यकाल में साढ़े तीन सौ गुणा आय में वृद्धि हुई क्यों और कैसे।बिहार की सरकार आपका वोट लेकर सत्ता सामंतवादी ताकत के हाथ में सौंप दिया है।सुशासन दूर दूर तक कहीं  दिखाई नहीं देता है।राज्य में खुलेआम एके 47 से हत्यायें हो रही है। प्रत्येक दिन बहू-बेटियों का खुलेआम रेप हो रही है।शासन का भय खत्म हो गया है।

राजद नेत्री ने कहा कि गांव-गरीब विरोधी सरकार को देश की सत्ता से बेदखल करना होगा तभी देश में अमन -चैन के साथ गरीब,मजदूर, किसान,छात्र,छात्राऐं,युवा,महिलाओं का समुचित विकास  होगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय मुखिया हेमा यादव ने की,जबकि मंच संचालन मुबारक राईन ने किया।सभा  को राजद पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव विनय कुमार यादव,गोगरी प्रखण्ड राजद अध्यक्ष कैलाश यादव,राजद महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्षा रंजू सहनी,परवत्ता प्रखण्ड राजद महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्षा रंजू देवी,गोगरी नगर अध्यक्ष मनोज निषाद,पूर्व मुखिया कैलाश शर्मा,सुवोध यादव,अजय यादव,मनीष यादव,अलीहसन,अंजनी यादव व महेन्द्र शर्मा आदि वक्ताओं ने संबोधित किया।

कार्यक्रम के शुभारंभ में राजद नेत्री कृष्णा कुमारी यादव का राजद कार्यकर्ताओं के द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

Friday, 30 November 2018

एक दिवसीय उन्मुखीकरण-सह-कार्यशाला का हुआ आयोजन

देश के पांच राज्य के दस जिले में खगड़िया को भी मिला बहु आपदा प्रणव जिले में स्थान

खगड़िया से सहयोगी संवाददाता की रिपोर्ट :-

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकारण (NDMA) द्वारा प्रायोजित किसी भी आपदा से निपटने की तैयारी के लिए एवं प्रतिक्रिया के क्षेत्र में स्थानीय स्वसाशन एवं समुदायो के बीच एस.आर.डी.आर कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय उन्मुखीकरण  सह कार्यशाला का आयोजन स्थानीय नगर भवन खगड़िया में आयोजित किया गया।  
इससे पूर्व कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनिरूद्ध कुमार, डा0 सत्येन्द्र, वरीय सलाहकार BSDMA पटना, अपर समाहर्ता शत्रुन्जय कुमार मिश्रा, उप विकास आयुक्त राम निरंजन सिंह एवं जिला परिषद् अध्यक्ष कुमारी श्वेता भारती द्वारा संयुक्तरूप से दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। 

वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि पूरे भारत में 05 राज्य के 10 जिले का चयन बहु आपदा प्रवण जिले के रूप में खगड़िया को किया गया है। उन्होनें कहा कि जिले के बहु आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं रिकवरी योजना तैयार करना, जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार करना, समुदाय आधारित आपदा प्रबंधन प्राधिकरण हेतु माॅड्यूल तैयार करना, आपदा प्रबंधन दल का गठन करना इत्यादि जैसे कार्यो का सम्पादन कर जिले को गौरवान्वित कर एक नया पहचान बनाना है। 

वहीं कार्यक्रम को संबोधन करते हुए वरीय सलाहकार ने बताया कि योजनाओं को सुचारू रूप से संचालन कर जनमानस के बीच जा कर जागरूकता फैलाना, पंचायत प्रतिनिधियों के साथ पंचायत में जा कर पंचायत स्तर पर बैठक करना, विद्यालय में बच्चों के बीच जा कर निबंध प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, खतरनाक घाटों पर साईनेज लगवाना एवं सड़क सुरक्षा के स्लोगन बोर्ड लगवाना इत्यादि जैसे कार्य आपदा से पूर्व, आपदा के दौरान एवं आपदा के बाद किया जाना आवश्यक है। 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता ने बताया कि आपदा के पूर्व माॅकड्रील, नुक्कड़ नाटक, टी.वी शो, दिवाल लेखन, गाॅव स्तर पर समुदाय के बीच एस.आर.डी.आर. के विषय पर जागरूकता को बढ़ाना है जिसके फलस्वरूप होने वाले आपदा से क्षति कम किया जा सकता है। 

कार्यक्रम में मंच संचालन अमन कुमार, जिला परियोजना पदाधिकारी के द्वारा किया गया। वहीं मौके पर प्रभारी पदाधिकारी आपदा प्रियंका कुमारी, जिला परिषद् अध्यक्ष, प्रखंड प्रमुख श्रीकांत सिंह, जिला मुखिया संघ के अध्यक्ष, प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य के साथ-साथ सभी संबंधित पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Friday, 26 October 2018

रामानंद पहलवान के पूर्व मुखिया भाई को बदमाशों ने गोली मार कर दी हत्या

खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र अंतर्गत हथवन पंचायत के मौरकाही गांव की घटना

मृतक का साढ़ू दरवाजे पर गाय दूध रहा था तभी बाइक सवार नकाबपोश ने दिया घटना को अंजाम

खगड़िया से सहयोगी संवाददाता की रिपोर्ट :-

राज्य में अपराधियों का मनोबल कम होने का नाम नहीं ले रहा है। एक के बाद एक वारदात को अपराधी अंजाम दे पुलिस प्रशासन को खुलेआम चुनौती दे रहा है।
ताज़ा घटना खगड़िया जिले के अलौली थाना अंतर्गत हथवन पंचायत के मोरकाही गांव से सामने आया है। यहा शुक्रवार साढ़े सात आठ बजे के करीब बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने दरवाजे पर चढ़ कर उपरोक्त पंचायत के पूर्व मुखिया राजेंद्र यादव की गोली मार हत्या कर दिया है। वही मृतक के साढू गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस शव को कब्जे में ले मामले की छानबीन शुरू कर दिया है वहीं जख्मी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। 

मृतक पूर्व मुखिया कोशी दियारा क्षेत्र के चर्चित बाहुबली रामानंद यादव(पहलवान) का सगा भाई है। प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश को लेकर घटना को अंजाम देने की बात सामने आ रही है। 
राजेन्द्र यादव (फाइल फोटो)
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार हथवन पूर्व मुखिया राजेन्द्र यादव मोरकाही स्थित अपने निवास स्थान पर आराम कर रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक पूर्व मुखिया राजेन्द्र यादव के घर का मुख्य द्वार खुला हुआ था और तभी बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने तबातोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दिया इस गोलीबारी में राजेंद्र यादव की मौत हो गई वहीं उसका साढू जो गाय का दूध दूह रहा था गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घटना के बाद का दृश्य
घटना की सूचना पर पहुंची अलौली पुलिस शव को कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद से इलाके में जहां दहशत व्याप्त हो गया है वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना आग की तरह क्षेत्र में फैल गया। हर किसी के जुबान पर तरह तरह की चर्चा घटना को लेकर कही जा रही है। 

हालांकि ग्रामीण सुत्रों की माने तो पुलिसिया लापरवाही भी चर्चा का विषय बना हुआ है चुंकि गांव में उपमुखिया चुनाव को लेकर एक पक्ष के लोगों द्वारा पटाखे व अतिशबाजी की जा रही थी चुनाव को लेकर माहौल गर्म था। ऐसे माहौल में पुलिस को सतर्कता बरतनी चाहिए थी।

Sunday, 9 September 2018

दुसरे दलों में जाने के अफवाहों के बीच खगड़िया सांसद ने कह डाली ये बात....!

सांसद चौ.महबूब अली कैसर ने कहा मैं लोजपा और एनडीए का हिस्सा था, हूं और रहुंगा

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती।

गत दिनों विभिन्न मीडिया में खगड़िया सांसद चौधरी महबूब अली कैसर के दुसरे दलों में जाने के अटकलों एवं फोटो शॉप खेल के बीच खगड़िया मीडिया प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सांसद के स्थिति स्पष्ट कर दिया है। 
मीडिया प्रभारी के द्वारा जारी विज्ञप्ति में साफ तौर पर कहा गया है कि खगडिया सांसद चौ महबूब अली कैसर ने कहा कि मैं लोजपा पार्टी और एनडीए गठबंधन का हिस्सा था हूँ और रहूंगा ।

कुछ राजनीतिक दलों के लोगों द्वारा मीडिया या सोसल मीडिया में जो अफवाहें उडायी जा रही है वह गलत है । उन्होने साफ तौर से कहा कि न उनकी और से न पार्टी कि और से ऐसी कोई बात है कुछ लोग मीडिया में बने रहने के लिये ऐसे खबर निकालते रहते हैं । उन्होने दुसरे दल में जाने कि ख़बर का खंडन करते हुये कहा कि हमारी ऐसे कोई भी मंशा नही है हम जहाँ थे और जहाँ हैं वही रहेंगे । पार्टी को यह फैसला लेना है कि हम लड़े या नही।

हमारी तैयारी खगडिया लोकसभा सीट से एनडीए गठबंधन के उम्मीदवार के तौर पर शुरू हो चुकी है । डबल इंजन कि सरकार में विकास कि गति तेज हुई है । इसी सरकार में फरकिया जैसे क्षेत्रों में सड़कों का जाल बिछाने का काम शुरू किया है जो अनवरत जारी है । वर्षों से लालायित लोगों के बीच बिजली पहुँची तो नये राष्ट्रीय राजमार्ग फूलतौडा होते कुशेश्वर स्थान कि सहमति मिली । जल्द ही खगडिया से पूर्णिया फोरलेन सड़क कि प्रक्रिया शुरू होगी।

वहीं सांसद चौ महबूब अली कैसर के बयान पर सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह ने कहा कि इधर कुछ लोगों फोटोशॉप के माध्यम से सांसद के बारे में गलत अफवाह फैलाने का काम किया जा रहा था । उन्होने इसे ओछी राजनीति कहा । श्री सिंह ने कहा कि 2019 के चुनाव में देश में मोदी जी को प्रधानमंत्री बनने से और खगडिया लोकसभा क्षेत्र से चौ महबूब अली कैसर को सांसद बनने से कोई नही रोक सकता । इनके कार्यकाल में सड़क,बिजली ,पुल पुलिया के निर्माण में अभूतपूर्व कार्य हुआ । हम जनता के बीच लोकसभा चुनाव में पुन: राजग गठबंधन के प्रत्याशी के रुप में जायेंगे और जीत दर्ज कर पार्टी सहित देश हीत में कार्य करेंगे।

Friday, 31 August 2018

इस जदयू महिला जिला उपाध्यक्ष को बेटे और पति कर रहे हैं प्रताड़ित

प्रताड़ना से तंग इस महिला ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

खगड़िया से सहयोगी संवाददाता की रिपोर्ट :-

सुबे में सुशासन बाबू के शासन का कितना असर है इसका आमजनों पर तो छोड़िए खुद के पार्टी के पदाधिकारी पर भी देखने को मिल रहा है। 
पार्टी के जिला पद धारी महिला के साथ दुसरा कोई नहीं बल्कि उसके पति व बेटे इस कदर तंग तवाह कर रहे हैं कि वह अपना घर छोड़ बहन के यहां शरण ली हुई है और सुशासन बाबू की पुलिस मामले की जांच कर पल्ला झाड़ रही है। 

मामला खगड़िया जिले के मुप्फसिल थाना क्षेत्र के रहीमपुर पंचखुट्टी गांव रहने वाले राजेश कुमार की पत्नी पार्वती देवी का है। पार्वती देवी फिलहाल नशा मुक्ति अभियान के प्रमुख अध्यक्ष के समाज सुधार वाहनि की सदस्य हैं वही खगड़िया जिला जदयू महिला प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष पद पर आसीन हैं। 
पार्वती देवी ने पुलिस से गुहार लगाते हुए कही है कि उसके पति एवं बेटे शिवशंकर का सम्पर्क अपराधिक छवि वाले लोगों से हो जाने के बाद वे दोनों शराब एवं गांजे के अवैध धंधे में लिप्त हो गया चुंकि पार्वती इन सब का घोर विरोधी है तो इस बात का विरोध कि तो दोनों उसके बाद मारपीट,तंग तबाह के साथ विभिन्न रुप में प्रताड़ित करने लगा। वही पार्वती देवी के द्वारा खरीदे गए एक अपाची बाईक का इस्तेमाल उसके बेटे तस्करी के लिए करने की बात कही है। 

इन सब बातों से तंग आकर पार्वती देवी अपना घर छोड़ बहन के यहां शरण ली हुई है लेकिन वहां भी उसे परेशान किया जा रहा है। हलांकि स्थानिय पुलिस मामले की छानबीन करने की बात कह रही है। 

Saturday, 26 May 2018

डुमरी में नाव जुगाड़ पुल का एप्रोच पथ पानी में बहा, यातायात बंद

नदी में पानी का दबाव बनते ही नाव का जुगाड़ पुल बंद होने से कोशी से सम्पर्क भंग

खगड़िया से सहयोगी संवाददाता की रिपोर्ट :-

कोशई नदी में पानी का दबाव बढ़ने से डुमरी पुल के समीप बने नाव का जुगाड़ पुल के बीच का एप्रोच पथ बह गया। इस कारण जुगाड़ पुल पर वाहनों का परिचालन बंद करना पड़ गया है। जुगाड़ पुल के बंद होने के साथ ही एक बार फिर यहां नाव की सवारी करनी शुरू हो गई।
इसके साथ ही शनिवार की शाम से सहरसा सहित कोशी क्षेत्र का पटना सहित अन्य भागों से कट गया और कोसी क्षेत्र की लाखों की आबादी का राज्य मुख्यालय से सीधा संपर्क भंग हो गया है।

यहां बताते चलें कि कोसी व बागमती नदी के संगम स्थल पर बने क्षतिग्रस्त डुमरी पुल का निर्माण किया जा रहा है। डुमरी पुल के सामानांतर नाविकों द्वारा नावों को जोड़कर जुगाड़ पुल का निर्माण किया गया था। इस पर चार चक्के की गाड़ियों से लेकर टू व्हीलर और पैदल यात्री आवागमन करते थे। कोसी व बागमती नदी के दो भागों में बंटे रहने के कारण जुगाड़ पुल भी दो भागों में बना हुआ था।
कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि होने के कारण शनिवार की सुबह ही एप्रोच पथ पर पानी चल गया था। हालांकि नाविकों द्वारा एप्रोच पथ को बचाने का भरपूर प्रयास किया गया लेकिन शाम को जुगाड़ पुल के बीच का एप्रोच पथ फिर बह गया।

सूचना मिलते ही स्थानिय पदाधिकारी जुगाड़ पुल पर पहुंच कर इसका जायजा लिया। पदाधिकारी का कहना है कि बारिश का पानी आने के कारण कोशी का जलस्तर बढ़ा है। अभी जुगाड़ पुल नहीं खोलने को कहा गया है। अगर एक दो दिन में पानी घट जाएगा तो फिर से जुगाड़ पुल को चालू किया जा सकता है।
अभार- लाईव हिन्दुस्तान

Sunday, 29 April 2018

15 तारिख तक चालू हो जाएगा बहुप्रतिक्षित डुमरी पुल

खगड़िया सांसद चौधरी महबूब अली कैसर ने निरीक्षण कर प्रोजेक्ट मैनेजर की बात

गत दिनों नितिन गडकरी से मुलाकात के समय हुई इस मुद्दे पर चर्चा

उसराहा (डुमरी) खगड़िया से लौटकर ब्रजेश भारती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट :-

कोसी एवं बागमती नदी के संगम स्थल उसराहा के समीप उत्तर बिहार की लाइफ लाईन कहे जाने वाले डुमरी पुल निर्माण कार्य का रविवार को खगड़िया सांसद चौधरी महबूब अली कैशर ने निरीक्षण किया।
इस मौके पर सांसद ने पुल बना रही एसपी सिंगला कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर से वार्ता कर पुल के निर्माण के संबंध में विस्तृत चर्चा की। प्रोजेक्ट मैनेजर ने सांसद को आश्वस्त करते हुए जानकारी दी कि 15 अगस्त तक पुल को आवागमन के लिए चालू कर दिया जाएगा। कुछ परेशानी आ रही थी ईटली से समान मंगा ली गई है।
सांसद कैशर ने बताया कि बीते दिनों हमने दिल्ली में केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर पुल जल्दी तैयार करने को लेकर बात की थी। मामले में केन्द्रीय मंत्री ने चीफ इंजीनियर को बुलाकर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया था।

सांसद कैशर ने कहा कि पुल का निर्माण कार्य जोर-शोर से चल रहा है और जल्द ही यह जनता को समर्पित कर दिया जायेगा।इस मौके पर एसपी सिंगला कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर रवि शंकर सिंह ने कहा कि पुरी उम्मीद है अगस्त 2018 तक कार्य पूरा कर लिया जायेगा।
उन्होनें कहा कि नौ - नौ मीटर के सिग्मेंट की ढलाई चल रही है, जल्द ही काम की स्पीड और बढ़ेगी।इसलिए पुल को पंद्रह अगस्त तक हम चालू करवा सकते है।इस मौके पर समाजसेवी अबु ओसामा, राकेश कुमार सिंह,  पूर्व मुखिया मो फिरोज आलम सहित अन्य मौजूद रहे।
16 मई तक कार्य पुरा करना था -

16 मई तक पूरा करना था लेकिन अब अगस्त का समय बताया जा रहा है ऐसे में संवेदक को विभाग द्वारा दंडित किया जा सकता है। यहां बताते चलें कि केबल स्टे ब्रिज की तर्ज पर 290 मीटर के पुल का निर्माण करना है। हालांकि पुल बनाने वाली कंपनी एसपी सिंगला दावा कर रही थी कि कार्य को ससमय पूरा कर लिया जाएगा। लेकिन अब यह संभव नहीं है। बीपी मंडल सेतु के खराब रहने के कारण पिछले आठ वर्षों से फरकिया सहित कोसी क्षेत्र के लोग परेशानी झेल रहे हैं।
आठ पाए को तोड़कर बनाया गया है दो पाया -

डुमरी के क्षतिग्रस्त आठ पाये को तोड़कर मात्र दो पाए का निर्माण कर लिया गया है। दोनों पाए में चार पायलन का निर्माण हो चुका है। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि पुल का छत निर्माण युद्घ स्तर पर चल रहा है।