Showing posts with label बनमा-ईटहरी. Show all posts
Showing posts with label बनमा-ईटहरी. Show all posts

Friday, 22 February 2019

तमंचे व गोली के साथ युवक को ग्रामीणों ने पकड़ किया पुलिस के हवाले

आरोपी युवक के पिता ने लगाया जबरन पकड़ मारपीट कर तमंचे दे पहुंचा दिया पुलिस के पास

पुलिस के हवाले किए गए आरोपी युवक के पिता ने दिया पुलिस को आवेदन

सिमरी बख्तियारपुर से ब्रजेश भारती की रिपोर्ट :-

सहरसा जिले के बनमा-ईटहरी ओपी क्षेत्र अन्तर्गत रंगिनिया-तेलियाहाट सड़क मार्ग के लालजी पुलिस के समीप से कुछ ग्रामीणों ने एक युवक को देशी कट्टा व जिंदा कारतूस के साथ पुलिस के हवाले कर दिया है।
ओपी पुलिस के हवाले किए गए युवक की पहचान कुशमीही गांव निवासी चन्दर बढ़ई के पुत्र अनिल बढ़ई के रूप में हुआ है। इस संबंध में उसी गांव के रहने वाले रंजन पासवान के लिखित आवेदन पर पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी युवक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

घटना के संबंध में दर्ज एफआईआर में कहा गया है कि आवेदक के पुत्र सचिन कुमार व राहुल कुमार साइकिल से गांव के ही एक डीपो से मोटरसाइकिल लाने जा रहा था कि आरोपी युवक अपने तीन अन्य साथियों के साथ जैसे ही दोनों सामने आया सभी लोग दोनों के साथ मारपीट व गाली गलौज करने लगा। इस बीच एक युवक ने अपने परिजनों को फोन कर दिया। उसके परिजन कुछ ग्रामीणों के साथ पहुंच युवक को पकड़ लिया जिससे पास से हथियार व गोली बरामद हुआ तो पुलिस के समक्ष पेश कर दिया।
इधर पुलिस हिरासत में पहुंच गए आरोपी युवक के पिता चंदन बढ़ई ने ओपी में लिखित आवेदन देकर कहा है कि गुरुवार के दिन में ही बाजार से आने के दौरान ही दोहरा पुल के समीप ही रंजन पासवान के पुत्र सचिन पासवान से गाली गलौज हुआ था। फिर साजिश रचकर मेरे पुत्र अनिल बढ़ई को पकड़ कर अन्य ग्रामीण रंजन पासवान, संतोष पासवान, घनश्याम पासवान, राम शरारत पासवान, मणिकांत पासवान के साथ मिलकर पहले पुत्र के साथ मारपीट किया फिर साजिश रचकर पुलिस को हथियार के साथ सुपुर्द किया गया है। 

ओपी प्रभारी एसआई सिंघेश्वर पाठक ने बताया कि आवेदन पर प्राथमिकी 34/19  दर्ज कर आरोपी युवक को न्यायालय भेजा गया है। ग्रामीण के द्वारा सुपुर्द किए गए तमचे व कारतूस भी जप्त कर लिया गया है । दुसरे पक्ष का आवेदन अप्राप्त है। पुलिस अन्य पहलुओं पर भी छानबीन शुरू कर दिया है।

Sunday, 27 January 2019

अन्तर जिला बदमाश हथियार व गोली के साथ चढ़ा पुलिस के हत्थे

एक देशी पिस्तौल पांच जिंदा कारतूस के साथ ट्रेक्टर से मिट्टी कटवाने के क्रम में हुआ गिरफ्तार

मानसी,चौथम एवं सलखुआ में है कई मामले दर्ज, मस्तान सहनी हत्याकांड को दे चुका है अंजाम

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती की रिपोर्ट :-

सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर पुलिस सर्किल क्षेत्र अन्तर्गत बनमा-ईटहरी ओपी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार शाम एक अन्तर जिला बदमाश को एक देशी पिस्तौल व पांच जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी उस वक्त हुई जब वह ट्रेक्टर से मिट्टी कटवा रहा था। 
ओपीध्यक्ष प्रभाष कुमार ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ओपी क्षेत्र के जमालनगर गांव के समीप से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक देशी पिस्तौल पांच जिंदा कारतूस बरामद किया गया। वही मिट्टी कटवा रहे ट्रेक्टर को जप्त किया गया। 
पुछताछ में गिरफ्तार बदमाश की पहचान विलाश शर्मा उर्फ वृक्षा बताया है गत दस वर्षों में खगड़िया एवं सहरसा जिले में कई कांडों को अंजाम दिया है। आर्म्स एवं हत्या के मामले इन पर दर्ज है। 1997 में हथमंडल गांव में मस्तान सहनी की हत्या के बाद यह सुर्खियों में आया था। वर्ष 17 में चौथम थाना क्षेत्र में भी एक हत्या को अंजाम दिया था। प्रोफेशनल किलर के रूप में इसकी पहचान है।
इस छापेमारी दल में सअनि0 सिंघेश्वर पाठक,उदय शर्मा,चन्द्रशेखर कुमार, एवं पुलिस बल मौजूद रहे।

Friday, 14 December 2018

दिगंवत कांग्रेसी सांसद मौलाना असरारूल हक निधन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

बनमा-ईटहरी प्रखंड के मदरसा में आयोजित इस कार्यक्रम में उनके जीवन पर प्रकाश डाला गया

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती।

बिहार के किशनगंज से कांग्रेसी सांसद और प्रसिद्ध इस्लामिक विद्वान मौलाना असरारूल हक कासमी के गत दिनों असामयिक निधन पर सहरसा जिले के बनमा ईटहरी प्रखंड के तेलियाहाट बाजार स्थित मदरसा जामिया दार ऐ गनिमत मकदमपुर में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। 
जिसमें उपस्थित वक्ताओं ने मौलाना कासमी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला और कहा कि उनके जैसा महान व्यक्ति सदियों में पैदा होता है।

इस इस मौके पर अपने विचार व्यक्त करते हुए मौलाना सऊद आलम कासमी, मौलाना जिया उद्दीन नदवी एवं मौलाना मोजाहिर कासमी ने कहा कि मौलाना असरारूल हक कासमी के निधन से धार्मिक, समाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में जो शून्य पैदा हुआ है उसको भर पाना असंभव है। मौलाना कासमी ने कई दर्जन शिक्षण संस्थानों की स्थापना कर सीमांचल जैसे पिछड़े क्षेत्रों में शिक्षा का दीप जलाने का काम किया। वह हिन्दू मुस्लिम एकता के बहुत बड़े पक्षधर थे और गरीबों की सेवा अपना धर्म समझते थे।
वही मदरसा के प्रधान हाफिज मोहम्मद शकील अहमद ने मौलाना कासमी के व्यक्तित्व पर आधारित अपनी कविता प्रस्तुत किया। इस से पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत कारी इरफान के तेलावत कुरान से हुआ। 

जबकि कारी मो एहसान, अब्दुर रहमान, मुमताज आलम, अब्दुल्ला आदि ने नात शरीफ पेश किया। 
इस श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से कारी अब्दुल नासिर, मौलाना मिन्नतुल्लाह, मौलाना मंसूर आलम, एवं मो मुजतबा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों में डा कमरुल होदा, मास्टर मो मसलेह उद्दीन, हाफिज शंजर, मास्टर शरफुद्दीन, अबुल कासिम, सोहैल अहमद, अब्दुर रब्बान, मास्टर मजलूम, मो कयाम, इरशाद आलम, मास्टर अब्दुल कुददुस, मास्टर युनुस, असगर आलम, मो सुल्तान, मो अकरम, सरवर आलम, अफसर उर्फ पिक्कू, ईसा रहमानी, आलमगीर, शब्बीर अहमद, जरीफ, इसाक, कैसर आलम, हाशिम, जावेद, जफर, शमशाद आदि मौजूद थे।

Thursday, 13 December 2018

प्रखंड प्रमुख एवं बीडीओ के स्कूल निरीक्षण से मचा हड़कंप,कई शिक्षक मिले गायब

सहरसा जिले के बनमा-ईटहरी प्रखंड क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था बद से बद्तर

एमडीएम की कौन पुछे जब विद्यालय ही बंद थे एक स्कूल में एक के अलावे अन्य गायब

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती।

सुबे में शिक्षा व्यवस्था का हाल अब किसी से छिपी हुई नहीं है इस बात से अछूता सहरसा जिला भी नहीं है। इस जिले के बनमा-ईटहरी प्रखंड की शिक्षा व्यवस्था की पोल उस वक्त खुल गई जब प्रखंड प्रमुख एवं बीडीओ ने कई विद्यालयों का बुधवार को औचक निरीक्षण किया। 
बुधवार को जब इस प्रखंड के दो स्कूलो का दोपहर बाद प्रखंड प्रमुख आकांक्षा सुप्रिया एवं बीडीओ चन्द्रगुप्त कुमार बैठा ने अचानक औचक निरीक्षण किया तो दोनो स्कूलों में जहां एक स्कूल पूर्णत: बंद पाया गया। वहीं एक स्कूल में एक के अलावा अन्य सभी शिक्षक स्कूल से अनुपस्थित मिले।

प्रमुख एवं बीडीओ ने सर्वप्रथम एनपीएस सोनेलाल मंडल ईटहरी टोला पहुंचे जहां स्कूल में ताला लटक रहा था। वहीं ग्रामीणो से पूछे जाने पर बताया कि यह स्कूल कब खुलती और बंद होती इसका भनक तक नहीं लग पाता है। एमडीएम की बात तो दूर की है। 

इसके बाद इन दोनों ने मध्य विद्यालय ईटहरी स्कूल पहुंचे जहां शिक्षक रामोतार साह के अलावा कोई शिक्षक उपस्थित नहीं थे। सबके सब स्कूल में अनुपस्थित पाये गये। वहीं उपस्थित शिक्षक ने उन्हें बताया कि एक शिक्षिका किरण कुमारी सीएल पर गई हुई है। जिस पर उनकी सीएल की आवेदन की मांग किया गया तो पता चला कि बिना आवेदन के ही सीएल पर गई हुई है।
इधर इस तरह के अचानक निरीक्षण से क्षेत्रों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं प्रमुख ने बीडीओ से संबंधित विभाग के पदाधिकारियो से स्पष्टीकरण पूछते हुए स्कूल में लापरवाह शिक्षकों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

इस बावत बीडीओ चन्द्रगुप्त कुमार बैठा ने बताया कि अनुपस्थित पाये गये शिक्षकों के विरूद्ध कार्रवाई किया जाएगा। वही आकांक्षा सुप्रिया ने बताई कि यह बहुत ही निंदनीय बात है कि जिनके उपर सरकार ने राष्ठ निर्माण की जिम्मेदारी सौंप रखी है वे इतना लापरवाह होंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह का औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा हर हाल में शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने के प्रति सरकार के निति का समर्थन किया जाएगा।

Tuesday, 11 December 2018

बाजार में हंगामा कर रहे तीन नशेड़ी व एक वारंटी भेजे गए न्यायिक हिरासत में जेल

नशेड़ी पर पुलिस कश रही है शिकंजा तो वारंटियों की खैर नहीं

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती।

सुबे में शराब बंदी कानून लागू रहने के बावजूद खुले आम इसका सेवन कर हंगामा मचाना तीन युवकों को काफी महंगा पड़ गया। 
सहरसा जिले के बनमा-ईटहरी ओपी पुलिस ने तीनों नशेड़ी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वही वारंटियों के धड़पकड़ अभियान के तहत एक वारंटी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चारों को जेल भेज दिया है। 
ओपीध्यक्ष प्रभाष कुमार ने बताया कि सोमवार की देर शाम तेलियाहाट बाजार में नशे की हालत में सड़क पर हंगामा मचा रहे तीन लोगो जिनमें सौरबाजार थाना क्षेत्र के कैबलासी निवासी नीतिश कुमार राम, शंकर शर्मा एवं बनमा इटहरी ओपी क्षेत्र के अफजलपुर गांव निवासी कुशलजीत शर्मा को मद्यपान निषेध कानून के तहत तो ईटहरी गांव से वर्षो से फरार चल रहे एक वारंटी धर्मेन्द्र यादव को उसके घर से गिरफ्तार कर सभी को मंगलवार न्यायालय में सुर्पूद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि वारंटी एवं नशेड़ी के विरूद्ध यह अभियान अनवरत जारी रहेगा। 

Thursday, 6 December 2018

दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने हथियार के बल पर बाइक सवार युवक को लूटा

पुलिस आई जांच किया, आवेदन के इंतजार में नहीं हुई कोई कार्रवाई

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती की रिपोर्ट :-

सुबे में बढ़ते अपराध के बीच अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि दिन दहाड़े बीच सड़क पर लूट की बारदात को अंजाम दे अपराधी चलते बनते हैं जब पीड़ित पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी देती है तो पुलिस घटना स्थल पहुंच मामले की छानबीन कर वापस इस इंतजार में लौट जाती है कि आवेदन दिया जाएगा तो कार्रवाई की जाएगी।
ताज़ा मामला सहरसा जिले के बनमा ईटहरी ओपी क्षेत्र के रसलपुर पंचायत के मुरली तीन मुहानी चौक के समीप गुरूवार की दोपहर 12 बजे के आसपास की है। एक बाइक सवार तीन बदमाशों के द्वारा एक राहगीर से लूटपाट को अंजाम दे चलते बना।

पीड़ित युवक ने बनमा ईटहरी ओपी पहुंच पुलिस को लूटपाट की मौखिक रूप से जानकारी दिया। 

जानकारी मिलते ही ओपीध्यक्ष प्रभाष कुमार ने पुलिस बलों के साथ घटना स्थल पर पहुंच मामले की छानबीन किया। वही इस लूटपाट की घटना को पुलिस संदिग्ध मान रही है।

लूट के शिकार पीड़ित कनरिया ओपी क्षेत्र के कनरिया निवासी विक्की साह ने पुलिस को बताया कि मैं खगड़िया में पकोड़े व चॉवमिंग की दुकान करते हैं। किसी आवश्यक कार्य हेतु गुरूवार की दोपहर खगड़िया से कनरिया अपने बाइक से जा रहा था कि मुरली तीन मुहानी के समीप एक पल्सर बाइक पर सवार हथियार से लैस तीन बदमाशो ने हथियार का भय दिखाकर लूटपाट किया। जिसमें बैग में रखे जरूरत मंद कागजात एवं दस हजार नकदी सहित मेरे बाइक की चाभी छीनकर चलता बना।
इस बावत ओपीध्यक्ष प्रभाष कुमार ने बताया कि पीड़ित युवक के द्वारा आवेदन नहीं दिया गया है। सूचना देते ही मैंने घटना स्थल की जांच-पड़ताल किया। आवेदन मांगा गया तो कहा सोच विचार कर देते हैं। अब तक लौट कर नहीं आया है। प्रथम दृष्टियता यह लूट की घटना संदिग्ध लग रहा है। चूंकि आवेदन देने से कतरा रहा था।

अब यहां कौन पुलिस को बताए कि लूट का शिकार व्यक्ति क्या सोच विचार करेगा। एक तरफ वह लूट का शिकार बन चुका है दुसरी तरफ केश व पुलिसिया लफरो में नहीं पड़ना चाहता होगा क्योंकि उसे भी पता है कि आखिर कार्रवाई के नाम मिलेगा तो सिर्फ तारिख पर तारिख.....….!

Saturday, 3 November 2018

एक बाइक के लिए नवविवाहिता की फांसी लगा कर दी गई हत्या

अभी हाथो की मेंहदी का रंग भी सुर्ख नहीं हुई कि दहेज की बलि वेदी पर चढ़ा दी गई विवाहिता 

पांच माह पहले हुई थी शादी, हत्यारोपी पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार

सिमरी बख्तियारपुर/सहरसा से ब्रजेश/भार्गव की संयुक्त रिपोर्ट :-

अभी उस मासूम युवती के हाथों में लगी शादी की मेंहदी का रंग सुर्ख भी नहीं हुआ था कि दहेज लोभी दानवों ने एक मोटरसाइकिल के लिए फांसी का फंदा लगा सदा के लिए मौत की आगोश में सुला दिया। 
मामला सहरसा जिले के बनमा-ईटहरी ओपी क्षेत्र के सरबेला पंचायत के कासिमपुर की है। शुक्रवार रात की इस घटना का खुलासा शनिवार सुबह को हुआ हलांकि हत्या उपरांत सभी परिजन घर छोड़ फरार हो गया।
शनिवार सुबह कासिमपुर में 20 वर्षीय विवाहिता को दहेज में मोटरसाइकिल नहीं देने पर पति सहित ससुराल वालों के द्वारा फांसी लगाकर मार दिया गया। यह आरोप मृतिका के परिजनो ने लगाया है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही ओपी के पुअनि अशोक कुमार ने पुलिस बलो के साथ घटना स्थल पर पहुंच मामले की छानबीन किया। पुलिस ने मृतिका की मां के बयान पर मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतिका के पति को मौके पर से हिरासत में ले लिया। वहीं पुलिस ने शव को अपने कब्जा में लेकर उसे पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया है।
चिड़ैया ओपी क्षेत्र के अलानी पंचायत के रैठी गांव निवासी भूमेश्वर शर्मा की पत्नी मृतिका की मां प्रेमलता देवी ने बताया कि करीब पांच-छह माह पहले मैं अपनी पुत्री सरस्वती देवी की शादी बनमा ईटहरी ओपी क्षेत्र के कासिमपुर वार्ड नं. 2 निवासी उमेश तांती के पुत्र रतन कुमार तांती के साथ शादी कर दिया। शादी समारोह में वे 51 हजार रुपए और 41 हजार के जैवरात वगैरह उपहार भी दिया। शादी के बाद से दमाद रतन तांती के द्वारा एक मोटरसाइकिल देने की दवाब दिया जाने लगा। जो कि बीते सप्ताह से लगातार मांग किया जा रहा था और शुक्रवार को भी फोन कर मोटरसाइकिल दीपावली में देने की बात कही गई थी। इसी बीच शनिवार की सुबह यहां से एक फोन आया कि आपके पुत्री की उल्टी और दस्त हो जाने के कारण उसकी मौत हो गई है। मौत की खबर सुन जब यहां हमलोग पहुंचे तो पता चला की उसे रस्सी या अन्य चीजो से फांसी लगाकर मार दिया गया है।
वहीं मृतिका के पति रतन तांती ने बताया कि मेरे द्वारा मोटरसाइकिल की मांग किया जा रहा था। यह बात सही है लेकिन फांसी लगाकर उसकी मौत नहीं हुई है। शुक्रवार की रात घर में कबूतर का मांस बना था। जो रोटी और कबूतर का मांस हमलोग खाये। खाना खाकर जब रात में सोने के लिए गये थे तो उसके बाद पत्नी सरस्वती देवी को उल्टी और दस्त खूब होने लगा। जब कई बार उल्टी और दस्त होता देखा तो देर रात करीब चार बजे सुबह में पड़ोस में यह बात कहने व दवाई लाने गया तो तुरंत लौटने के बाद देखा तो उसकी मौत हो गई थी।

इस संबंध में ओपीध्यक्ष प्रभाष कुमार ने बताया कि मृतिका की मां प्रेमलता देवी के बयान पर चार लोगो पति रतन तांती, पिता उमेश तांती, मां संजूला देवी एवं भाई हरिकिशोर तांती को नामजद अभियुक्त बनाते हुए सलखुआ थाना में प्राथमिकी दर्ज किया गया है। जिन नामजद आरोपी में से पति रतन तांती को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है। वहीं मृतिका की शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया गया है।

Friday, 12 October 2018

महादलितों के घर आंगन में घुसा बारिश का पानी तो निदान के लिए सड़क किया जाम

सात निश्चय से नवनिर्मित सड़क की वजह से पानी निकाशी अवरूद्ध होने पर उत्पन्न हुआ समस्या

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती की रिपोर्ट :-

सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल अन्तर्गत बनमा-ईटहरी प्रखंड के घोड़दौड़ पंचायत के वार्ड नं एक में सात निश्चय योजना से नवनिर्मित पीसीसी सड़क बनने से पानी निकाशी अवरूद्ध हो जाने से परेशान महादलितों ने शुक्रवार को सड़क जाम कर रोषपूर्ण प्रदर्शन किया। 
सिमरी बख्तियारपुर के रंगिनियां चौक से तेलियाहाट जाने वाली सड़क को महादलितों ने होम पाईप सहित बांस बल्ला से करीब दो घंटों तक यातायात को अवरूद्ध कर दिया जिससे राहगीरों को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ा। 
जाम कर रहे महादलितों का कहना था कि चुंकि सड़क उंचा कर ढ़लाई की गई जिससे हमलोगो का घर एवं आंगन नीचे हो गया उपर से सड़क बनने से जो बारिश का पानी आगे निकल जाता था वह अवरूद्ध हो गया लिहाजा बारिश का पानी हम लोगों के घर आंगन में लग गया है हमलोग परेशान हैं। अगर सड़क निर्माण के समय पानी निकाशी का हल निकाल लिया गया होता तो आज यह नौबत नहीं आती।जान बुझकर ऐसा किया गया जिससे हम लोग मजबूर हो कर आज सड़क जाम करना पड़ा। 
वहीं जाम की सूचना पर बनमा बीडीओ चन्द्रगुप्त कुमार बैठा एवं ओपीध्यक्ष प्रभाष कुमार ने जाम स्थल पहुंच प्रदर्शनकारी महादलित परिवार की शिकायत सुन जल्द समस्या का हल निकालने का आश्वासन दिया। इसके अलावे तत्काल में पंचायत सचिव व वार्ड सदस्यो को घर व आंगन में जमा बारिश की पानी से निजात दिलाने हेतु मिट्टी गिराने के निर्देष दिए जाने के बाद करीब दो घंटे के बाद सड़क जाम समाप्त हुआ और यातायात सुविधा बहाल हुआ।

Sunday, 30 September 2018

घनश्याम यादव को मिली बनमा-ईटहरी युवा लोजद की कमान

परसबन्नी इंटर स्तरीय विद्यालय मे लोजद नेताओं की बैठक आयोजित

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती।

अनुमंडल अंतर्गत बनमा-ईटहरी प्रखंड के जमाल नगर पंचायत के परसबन्नी स्थित इंटर स्तरीय विद्यालय के प्रांगण में रविवार को युवा लोजद की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता शत्रुघ्न कुमार ने की‌। इस बैठक में सर्वसम्मति से घनश्याम यादव को युवा लोजद का प्रखंड अध्यक्ष बनाया गया।इस मौके पर बैठक को संबोधित करते हुए युवा लोजद के जिला अध्यक्ष धीरेंद्र यादव ने कहा कि गरीबों के नेता शरद यादव जी के नेतृत्व में हम सभी लोकतांत्रिक जनता दल के सिपाही है। उन्होंने कहा कि बनमा प्रखंड में घनश्याम यादव के नेतृत्व में युवा को मजबूती मिलेगी।
बैठक को संबोधित करते हुए लोजद के प्रदेश उपाध्यक्ष रितेश रंजन ने कहा कि देश आज एक ऐसे दौर से गुजर रहा है जहां भूख, रोजगार, गरीबी जैसे मुद्दे के बजाय जाति और धर्म की राजनीति की जा रही है। लोजद धर्म के बजाय भूख और जाति के बजाय रोजगार की बात करेगा। जल्द ही जिले के सबसे पिछड़े प्रखंड की समस्याओं से जिले के बाबुओं को अवगत कराया जायेगा।
बैठक को जिला अध्यक्ष धनिक लाल मुखिया ने भी संबोधित करते हुए कहा कि बनमा कोसी का सबसे पिछड़ा क्षेत्र है‌। उद्योग विहीन क्षेत्र होने के कारण यहां से प्रतिदिन हजारों लोगों का पलायन जारी है। इस सरकार में युवाओं के रोजगार पर ध्यान देना मुनासिब नहीं समझा जा रहा है। लोजद यहां की समस्या के लिए जल्द ही बड़ी लड़ाई लड़ेंगी।

इस मौके पर वीरेंद्र शेखर,  रणविजय यादव, ब्रजकिशोर पोद्दार, शाहनवाज, संजीव कुमार,  पिंटू यादव, रंजन कुमार, बबन यादव, संजीव कुमार, शिव शंकर,  राणा, सज्जन, सुशील कुमार,  बेचन कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।

Wednesday, 26 September 2018

दो युवकों ने इस महिला के अस्मत लूटने का किया प्रयास, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

चाकू एवं कुल्हाड़ी के बल शौच करने जाने के क्रम में बारात को देना चाहा अंजाम

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती।

जिले के बनमा-ईटहरी प्रखंड क्षेत्र में एक बार हबस के दरिंदों का शिकार होने से बाल-बाल बच गई एक महिला। शौच करने गई इस महिला के साथ गांव के ही दो युवकों ने चाकू एवं कुल्हाड़ी के बल पर इस महिला के अस्मत लूटने का असफल प्रयास किया गया। 
मामला ओपी क्षेत्र के रसलपुर गांव का है। पीड़ित महिला ने ओपी पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए सुरक्षा की बात कही है।। इस संबंध में लिखित आवेदन महिला के द्वारा दिया गया है। बारदात मंगलवार की रात की है महिला घर से बाहर शौच करने निकली महिला के साथ उसके ही गांव के दो युवको के द्वारा धारदार हथियार का भय दिखाकर दुष्कर्म करने के नीयत से उसके साथ जोर जबर्दस्ती करने का प्रयास करने लगा । इसके अलावे दोनों युवको के द्वारा जान से मार कर वहीं दफनाने की धमकी भी महिला को दिया गया।

खौफजदा पीड़ित महिला के परिजनो ने महिला को लेकर बुधवार को ओपी पुलिस के पास पहुंच सुरक्षा का गुहार लगाते हुए न्याय देने की मांग किया।
पीड़ित महिला ने अपने आवेदन में कही है कि दिनांक 25 सितंबर मंगलवार की रात करीब साढ़े आठ बजे के आसपास मैं शौच के लिए अपने घर से दक्षिण दिशा में गई थी कि अचानक हमारे ही गांव के मनोहर यादव के पुत्र दिलीप यादव ने चाकू का भय दिखाकर और दूसरा एक अज्ञात व्यक्ति हाथ में छोटा कुल्हारी के साथ आया। दोनों ने मुझे जान का भय दिखाकर पूरब दिशा में बांस- बिट्टी के तरफ दुष्कर्म करने के नीयत से घसीटते हुए ले गया। वहीं मेरे द्वारा चिल्लाने पर बोला चुप रहो तो मैं बहुत अच्छा से रखूंगा नहीं तो जान मार कर यहीं दफना दूंगा। 

इसके अलावे आवेदन में कहा गया है कि मैं पुन: चिल्लाने लगी तो अंधेरे का फायदा उठाकर मुझे वहीं छोड़ दोनों पूरब दिशा की ओर भाग गया।
इस बावत प्रभारी ओपीध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की छानबीन करने हेतु जांच पड़ताल में जा रहे हैं।

Wednesday, 5 September 2018

आर्केस्ट्रा प्रोग्राम में नशे में धुत जमादार का वीडियो वायरल, जमादार निलंबित

श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर बनमा-ईटहरी प्रखंड के सुमगा गांव हुआ था कार्यक्रम

सुगमा पुलिस चौकी पर तैनात है सिविल जमादार अमरकांत झा

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती की रिपोर्ट :-

बिहार में शराब बंदी कानून लागू है इसको कराई से पालन के लिए पुलिस को बड़ी जिम्मेदारी दी गई लेकिन जब पुलिस कर्मी ही इस कानून का मजाक उड़ाते हुए आर्केस्ट्रा प्रोग्राम में जमकर ठुमके लगाते हुए नजर आए है।
दारू के नशे में संगीत पर ठुमके लगा रह इस जमादार की किसी ने वीडियो बना पहले सोशल मीडिया में वायरल कर दिया जिसके बाद इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में खबर चलते ही सहरसा एसपी राकेश कुमार ने उन्हें तत्काल निलंबित कर मामले की जांच का आदेश जारी कर दिया है।

क्या है पुरा मामला -

बनमा-ईटहरी प्रखंड क्षेत्र के सहुरिया पंचायत अन्तर्गत सुगमा गांव में गत दो सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर दबंग युवा क्लब के तत्वावधान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसका उद्घाटन भाजपा नेता किशोर कुमार मुन्ना एवं सोनवर्षा राज प्रखंड लोजपा अध्यक्ष दिनेश सिंह के द्वारा किया गया था।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थानिय ओपी पुलिस प्रभारी प्रभाष कुमार,सुगमा पुलिस चौकी पर तैनात जमादार अमरकांत झा सहित अन्य पुलिस बल तैनात थे। उद्धाटन के कुछ समय बाद ओपीध्यक्ष के वहां से निकलने के बाद जमादार अमरकांत झा नशे की हालत में वहां चल रहे कार्यक्रम में जमकर हुड़दंग के साथ डांस करते नजर आए।

इसी बीच किसी ने उनका वीडियो बना उसे वायरल कर दिया जो मीडिया में आ गया।

Monday, 27 August 2018

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य मेले का आयोजन के साथ होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम

जन्माष्टमी की तैयारी को लेकर ग्रामीणों ने की ठाकुरबाड़ी में बैठक

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती। 

अगामी दो 2 सितंबर को होने वाले श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व की तैयारी को लेकर सोमवार को सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल क्षेत्र के बनमा-ईटहरी प्रखंड अन्तर्गत सुगमा ठाकुरबाड़ी में ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित की गई। 
ग्रामीण कुलदीप नारायण सिंह की अध्यक्षता एवं शिक्षक राजीव रंजन उर्फ पप्पू सिंह की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में मेले की तैयारी एवं अन्य विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। 

उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि सुगमा में कई दशकों से कृष्ण जन्माष्टमी मेला का आयोजन किया जाता रहा है जिसमें भगवान कृष्ण ,बलराम राधा ,रुकमणी ,देवकी, वासुदेव जी की मूर्ति बनाई जाती है । भगवान कृष्ण समेत अन्य मूर्तियों को बनाने के लिए चिकनी मिट्टी का प्रयोग कर मूर्ति को अंतिम रुप दिया जाता है ।

मूर्ति कलाकार शिक्षक कुमार राजेश सिंह ने कहा कि इसमें साँचा का प्रयोग नहीं किया जाता है जिस प्रकार भगवान कृष्ण के मूर्ति का रूप वृंदावन में देखने को मिलता है ठीक उसी प्रकार इस पावन नगरी सुगमा में भी भगवान कृष्ण का विराट रूप देखने को मिलेगा । वहीं भगवान कृष्ण के लिए 56 व्यंजन का भोग भी लगाया जाता है । भगवान जन्मोत्सव के एक दिन पहले नहाए खाए के दिन भगवान के लिए 56 प्रकार का भोग व्यंजन बन चढ़ाया जाता है । 

बैटक में सभी उपस्थित लोगों ने एक दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर आपसी विचार विमर्श उपरांत इस पर सहमति देते हुए कहा कि हम युवा मेला के माध्यम से आपसी सौहार्द कायम करने भी प्रयास कर रहे हैं। इस एक दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में बिहार के पटना से मशहूर गायक चंचल छैला नाइट शो जागरण ग्रुप पटना के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा ।

बैठक में प्रोफेसर सरोज कुमार सिंह , प्रोफेसर मुकेश कुमार सिंह ,डॉ आनंद कुमार, डॉक्टर संजीव कुमार सिंह,शिक्षक व्यास नंदन सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर ललित कुमार सिंह ,मुन्ना सिंह ,सुमन सिंह, ललन सिंह ,मृत्युंजय सिंह, घनश्याम सिंह, दिग्विजय कुमार सिंह , चिंटू सिंह कैलाश सिंह , मनोहर सिंह वही युवा आशीष भारद्वाज ,आशीष कुमार सिंह ,आलोक सिंह, अंकित भारद्वाज, उत्सव कुमार सिंह ,छोटू कुमार सिंह, सोनू कुमार ,मोनू, नितिन ,प्रिंस, प्रिय ,अंशु ,अमीत, इंदल ,आनंद समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे ।

बीईओ ने पांच दिनों से बंद इस विद्यालय का ताला खुलवाया

कुव्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने मध्य विद्यालय तरहा में कर दिया था तालाबंदी

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती।
अनुमंडल क्षेत्र के बनमा-ईटहरी प्रखंड अन्तर्गत मध्य विद्यालय तरहा में गत 21 अगस्त से ग्रामीणों द्धारा विद्यालय में कुव्यवस्था को लेकर किए गए तालाबंदी की जांच करने सोमवार को बीईओ मिथलेश कुमार सिंह पहुंचे।
ग्रामीणों के साथ दो घंटों तक चली वार्ता के बाद नियमित विद्यालय संचालन के आश्वासन पर ग्रामीण मान स्कूल का तालाबंदी खत्म कर दिया। इससे पूर्व ग्रामीणों का आरोप था की स्कूल में पठन - पाठन ठीक ढंग से नहीं होती है स्कुल के प्रधानाध्यापक ससमय स्कुल नहीं आते हैं बच्चों को दी जाने वाले एमडीएम में अंडे नहीं दिए जाते हैं जिसको लेकर स्कुल में तालाबंदी की गई थी।
वहीं जाँच के लिए पहुंचे बीईओ ने बताया कि एचएम एवं सभी शिक्षकों को एक सप्ताह के अन्दर सुव्यवस्थित रूप से विद्यालय संचालन का निर्देश दिया गया है। अगर इसके बावजूद सही रूप से विद्यालय नहीं चला तो एचएम के विरुद्ध वरीय अधिकारी को कार्यवाही के लिए लिख शिक्षकों का सामुहिक हस्तानांतरण कर दिया जाएगा।

Sunday, 26 August 2018

मध्य विद्यालय सरवेला हरिजन के एचएम पर लगा लाखों गबन का आरोप

एलजेपी नेता अमरेन्द्र यादव ने बीडीओ से लिखित शिकायती आवेदन दे की जांच की मांग

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) Brajesh Bharti.

अनुमंडल क्षेत्र के बनमा-ईटहरी प्रखंड अन्तर्गत मध्य विद्यालय सरवेला हरिजन टोला के प्रधानाध्यापक मनोज चौधरी पर विभिन्न स्कूल मद की लाखों की सरकारी राशि गबन कर लेने का आरोप लग गया है।
इस संबंध में लोजपा नेता अमरेन्द्र कुमार यादव ने एक पत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी बनमा-ईटहरी को देकर जांच की मांग किया है। 

प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिए गए आवेदन में लोजपा नेता ने कहा है कि मध्य विद्यालय सरवेला मुसहरी के प्रधानाध्यापक मनोज चौधरी के द्वारा विगत दो वर्षों से छात्रवृति, पोशाक एवं नेपकिन की राशि छात्राओं के बीच नही वितरण किया गया है।

ग्रामीणों ने साफ तौर पर इस नेता को बताया है कि छात्रवृत्ति, पोशाक एवं नेपकिन दो वर्षों से छात्र - छात्राओं के बीच अभी तक नहीं वितरण किया है जबकि एचएम ने ये सभी राशि का उठाव कर लिया है। इतना ही नहीं भवन मद की सभी राशि का निकाशी के बाद भी अबतक भवन अधुरा पड़ा है। 
ग्रामीणों ने कहा है कि एमडीएम एचएम के मनमर्जी से चलता है कभी भी मीनू का पालन यहां नहीं हुआ है जबकि ग्रामीण इस बात की शिकायत करते हैं तो एचएम अनसुना कर देता है। 
लोजपा नेता ने कहा कि मुझे लोक शिक्षा समिति के वरीय प्रेरक रंजीत कुमार रंजन द्वारा जानकारी मिला कि लोक शिक्षा समिति के लिए दिए गए सरकारी राशि का भी उठाव कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि बिना विभागीय मिलीभगत से एक एचएम इतना सब कुछ नहीं कर सकता है। कुछ तुम खाओ कुछ हमें भी खिलाओं की तर्ज पर इस विद्यालय के एचएम स्कूल का संचालन कर रहे हैं। 
हालांकि उपरोक्त सभी आरोपों को एचएम मनोज चौधरी वेबूनियाद एवं मनगढ़ंत बताया है।

Saturday, 18 August 2018

भाभी ने रिस्ते के ननदोषी को पंखा ठीक करने घर बुलाया और उसने मौका देख....!

ग्रामीणों ने मौके ए वारदात से देर रात आरोपी को कर दिया पुलिस के हवाले

भाभी ने पुलिस में दर्ज कराई केश, आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती।

उस महिला का पति रहता है परदेश में, गर्मी अधिक थी और घर का बिजली पंखा हो गया खराब। उसने अपने ननदोषी के चचेरे भाई को पंखा ठीक करने के लिए बुलाया। देर रात पंखा ठीक करने आए ननदोषी के चचेरे भाई ने मौका देख भाभी को अपनी गिरफ्त में ले हबस का शिकार बनाने की कोशिश करने लगा लेकिन भाभी के हो हल्ला करने पर वह इसमें कामयाब नही हो पाया उल्टे ग्रामीणों ने उसे मौके ए वारदात से पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया।
उपरोक्त मामला सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल क्षेत्र के बनमा-ईटहरी प्रखंड के खुरेशान गांव का है । हुआ यूं कि अनिता देवी नामक एक महिला जिसका पति रोजी रोटी की तलाश में परदेश गया हुआ है। घर में छोटे छोटे बच्चे के साथ वह अकेली रहती है। घर में लगे बिजली का पंखा खराब हो गया तो वह अपने जान पहचान वाले सौनवर्षा राज प्रखंड के राजवारा के सोहा टोला में रहने वाले ननदोषी के चचेरे भाई जय-जय राम को पंखा ठीक करने के लिए फोन कर बोली। 

चचेरे ननदोषी जय जय राम देर रात पंखा ठीक करने भाभी के घर पहुंच इस बीच बच्चे सब सो गए। अकेली महिला देख उसका नियत डोल गया उसने भाभी को आगोश में ले हबस का शिकार बनाने का प्रयास करने लगा लेकिन भाभी के द्वारा हो हल्ला करने पर उसके मंसुबों पर पानी फिर गया ग्रामीणों ने उसे पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया।

इस बाबत ओपीध्यक्ष प्रभाष कुमार ने बताया कि महिला के लिखित आवेदन पर आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है है वहीं आरोपी को हिरासत में ले न्यायायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की पड़ताल शुरू कर दिया है।

Friday, 17 August 2018

जब डीएम साहिबा स्कूल में बने एमडीएम चख शिक्षक बन गई....

जिलाधिकारी ने बनमा-ईटहरी प्रखंड,अंचल सहित विभिन्न स्कूलों का की निरीक्षण

उर्दू मध्य विद्यालय में वर्ग छ के बच्चे नहीं दे पाए आसान सवालों के जवाब

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती।

सहरसा जिले के जिलाधिकारी सुश्री शैलजा शर्मा ने गुरुवार को बनमा-ईटहरी प्रखंड के प्रखंड कार्यालय, अंचल कार्यालय सहित स्कूलों का गुरूवार को औचक निरीक्षण की। निरीक्षण से हड़कंप मच गया। 
वहीं स्कूल के निरीक्षण क्रम में स्वयं स्कूल में बने एमडीएम खाना खा शिक्षक की भूमिका में आ गई। 
स्कूली बच्चों से कई सवाल जवाब करते नजर आए।
डीएम सुश्री शैलजा शर्मा ने प्रखंड कार्यालय जाने के क्रम में कुसमी गांव सड़क किनारे स्थित उर्दू मध्य विद्यालय का निरीक्षण की । निरीक्षण के दौरान स्कूली बच्चे एमडीएम का खाना खा रहे थे। बच्चों के थाली में भात, दाल एवं आलू की सब्जी परोसा हुआ था। जिस आलू की सब्जी में झिंगा मिला हुआ था। डीएम ने खाना देखकर बच्चों से अन्य दिनों परोसे जाने वाली खाना की जानकारी ली। बच्चों से पूछा गया कि मीनू के अनुसार खाना आप लोगों को मिलता है, खाना में हरी सब्जी मिलता है। इसके बाद सभी शिक्षकों को बुलाकर शिक्षकों की उपस्थिति की गिनती किया गया। 
कक्ष 6 में जाकर डीएम ने शिक्षक की भूमिका में बच्चों से कई सवाल जवाब की। डीएम ने विज्ञान विषय पर आधारित सवाल में पूछा कि विटामिन किस किस चीज में पाया जाता है, हरी सब्जी में कौन सा प्रोटिन होता है सहित पढ़ाई-लिखाई की जानकारी लिया। जिस पर बच्चों ने एक भी सवाल का जवाब नहीं दे पाया। 

डीएम ने कहा शिक्षक कक्षा में नहीं पढ़ाते हैं क्या ? वहीं बच्चों से नियमित स्कूल आने व ड्रेस पहन कर स्कूल आने एवं घर से पढ़ कर किताब आने व होमवर्क तैयारी कर आने की सलाह दी। 

जब खाना चखी तो बोली -
डीएम ने हेडमास्टर से खाना मंगवाया और खाना को चखा भी। खाना चखने के बाद उन्होंने कहा कि दाल, सब्जी में नमक की मात्रा ज्यादा है और सब्जी में हरी सब्जी नजर नहीं आ रहा है। डीएम ने स्कूल के हेडमास्टर मो अशरफ अली से खाना में सुधार लाने का निर्देश दिए। उन्होंने पूछा कि स्कूल में कितने बच्चे नामांकित और उपस्थित है। जिस पर हेडमास्टर ने बताया कि 581 बच्चे नामांकित है और करीब 50 प्रतिशत बच्चे उपस्थित है। 
निरीक्षण कर वापस लौटने पर ज्यों ही डीएम ने सड़क पर खड़ी अपने वाहन पर बैठे कि इसी दौरान दो दर्जन से भी अधिक संख्या में स्कूली बच्चों सड़क पर आकर डीएम के वाहन को आगे से घेरने का प्रयास किया और भवन की मांग करने लगे। हालांकि कोई कुछ समझ पाते इससे पहले ही डीएम के साथ चल रहे सुरक्षा कर्मियों ने बच्चों की मांग सुन बच्चों को हटने व स्कूल जाने को कहा। तब बच्चे स्कूल चले गए।
स्कूल निरीक्षण के बाद डीएम की काफिला सीधा प्रखंड कार्यालय पहुंचा। जहां डीएम ने बीडीओ चन्द्रगुप्त कुमार बैठा को निर्देश देते हुए कहा कि आगामी 2 अक्टूबर तक में पूरे प्रखंड को स्वच्छता अभियान के तहत ओडीएफ घोषित करना सुनिश्चित करें अन्यथा नपे जाएंगे। शौचालय निर्माण की गतिविधियों की जानकारी ली। सीओ अक्षयवट तिवारी से उन्होंने प्रखंड कार्यालय सहित विभिन्न कार्यालयों के लिए अधिकृत की गई जमीन की अध्यतन रिपोर्ट की मांग किया। जिस पर सीओ ने उपलब्ध रहने से इंकार किया। डीएम ने फटकार लगाते हुए उसकी रिपोर्ट जिला में उपलब्ध कराने का निर्देश दिए।

Monday, 13 August 2018

तैलियाहाट बाजार में दो दुकानों में लगी आग से लाखों का नुक़सान

मनिहारी एवं जेनरल स्टोर में लगी आग के कारणों का खुलासा नहीं

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती।

सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल क्षेत्र के बनमा-ईटहरी प्रखंड के मुख्य बाजार स्थित दो दुकानों में सोमवार अहले सुबह लगी आग से लाखों की सम्पत्ति जलकर राख हो गया है। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। 
इस आगजनी की घटना में नगदी सहित करीब दस लाख रुपए की क्षति का आंकलन किया जा रहा है। 
आग इतना भयावह थी कि सुबह दमकल की गाड़ी पहुंची तो काबू पाया जा सका।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि तैलियाहाट बाजार निवासी पीड़ित विद्या सागर मोदी के जेनरल स्टोर व मनिहारी की दुकान में सोमवार की अहले सुबह करीब चार बजे के आसपास आग लगी। आग लगने के बाद आग की लपटे इतनी तेज थी कि देखते-देखते उसके घर सहित पड़ोसी भाई लालो मोदी के घर में भी आग लग गई। हालांकि इस अगलगी की घटना में पीड़ित दोनों परिवारों के पक्का मकान सुरक्षित रह गया। लेकिन दुकान व घर में रखा दुकान के बिक्री का नकदी 30 हजार, प्राइवेट कमिटी का नकद 1 लाख रुपये, मोटरसाइकल, ड्राइवरी लाइसेंस, पासबुक, सभी बच्चों का शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण पत्र, राशन कार्ड सहित कपड़ा, फ्रिज, एलसीडी, इनभाइटर वगैरह घर में रखा अन्य सभी सामान जल कर राख हो गया। 
इधर पीड़ित परिवारों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। वहीं इसकी जानकारी सीओ एवं ओपीध्यक्ष को आवेदन देकर उचित न्याय देने का प्रशासन से पीड़ित परिवारों के द्वारा गुहार लगाया गया है।
इस बावत सीओ अक्षयवट तिवारी ने पूछे जाने पर बताया कि मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई किया जाएगा।

पानी से भरे गड्ढे से तीन वर्षीय मासूम का शव बरामद,सगे चाची पर हत्या का संदेह

परिवार में चल रहा था जमीन विवाद,मासूम दादा के पास रात में था सोया

पुलिस हत्यारोपी चाची को हिरासत में ले कर रही है पुछताछ 

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती की रिपोर्ट :-

सहरसा जिले के बनमा ईटहरी ओपी क्षेत्र के सहुरिया पंचायत स्थित एक छोटे से गांव ठढ़िया में पानी से भरे गड्ढे से एक तीन वर्षीय मासूम बालक का शव बरामद किया गया है। शव की पहचान उसी गांव के मो सज्जाद के पुत्र मो सजाबूल के रूप में की गई है।
मामले की सुचना पर पहुंची ओपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया गया है।

इस मामले में उस वक्त सनसनी मच गई जब मृतक मासूम की मां समदाना खातून ने पुत्र की हत्या कर पानी में डुबोने का आरोप अपनी बड़ी गोतनी मो इजहार आलम की पत्नी हसीना खातून पर लगा दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हसीना खातून को हिरासत में ले पुछताछ शुरू कर दिया है। 
वहीं पुलिस मृतक मासूम के मां समदाना खातून के फर्दबयान पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया है। घटना का कारण डीह की जमीन विवाद बताया जा रहा है।

घटना के संबंध में समदाना खातुन ने पुलिस को बताया कि मेरे पति कमाने हेतु दिल्ली गये हुए हैं। रविवार को हम अपने सबसे छोटे पुत्र मो इदूल  (दो माह) का डाॅक्टर से इलाज करवाने हेतु सहरसा चले गए थे। इसके अलावे अपने बड़ी पुत्री 5 वर्षीय नाजमीन खातुन और मृतक पुत्र मो सजाबूल को अपने ससुर मो शमसुद्दीन उर्फ भोला, मंझली गोतनी लाखो खातुन एवं ननद समसून खातुन के हवाले छोड़ कर सहरसा गये हुए थे। 
सोमवार की अहले सुबह सूचना मिली कि पुत्र मो सजाबूल को पानी में डूबा कर मार दिया गया है। यहां आने के बाद मंझली गोतनी और दादा वगैरह से पता चला कि रविवार की रात में मेरा मृतक पुत्र मो सजाबूल अपने दादा मो शमसुद्दीन के साथ दरवाजे पर सोया हुआ था। सभी करीब 11 बजे के आसपास रात में खाना वगैरह खाकर सो गया। थोड़ी देर बाद पता चला कि दादा के पास सोया मेरा पुत्र कही गायब हो गया है उसके बाद खोजबीन शुरू कर दिया गया लेकिन पुत्र नहीं मिला। सुबह उसकी लाश पानी में मिला।
पुलिस को दिए बयान में कहा कि ससुर ने बताया कि जब रात में पुत्र की खोजबीन कर रहे थे तो जिधर मृतक का शव मिला उस दिशा से बड़ी गोतनी हसीना खातुन को अकेले आता देखा गया। वहीं बड़ी गोतनी का दुल्हा व भेंसूर मो इजहार ने भी बताया कि मेरी पत्नी रात में मेरे पास नहीं थी। मेरी बड़ी गोतनी ही मेरे पुत्र को मार कर पानी में फेंक दिया।

ओपीध्यक्ष प्रभाष कुमार ने बताया कि मृतक की मां समदाना खातुन के फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। आरोपी महिला हसीना खातुन को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं मृतक की शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया गया है।

Monday, 30 July 2018

छ माह के उत्प्रेरण केन्द्र को चलाया दो माह रूपये उठाया पांच माह का

शिक्षा विभाग बनमा-ईटहरी में लूट की छूट, पदाधिकारी मौन 

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती।

सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल क्षेत्र के बनमा ईटहरी प्रखंड में शिक्षा विभाग में सरकारी राशि कैसे डकारी जाती है यहां आने के बाद पता चल जाएगा। इस विभाग के चाहे भवन निर्माण की बात हो या फिर पोशाक, छात्रवृत्ति या फिर एमडीएम योजना की सभी जगह लूट की छूट है। 
हालांकि मामला सामने आने पर जांच जरूर होती है लेकिन कार्रवाई के नाम पर मात्र खानापूर्ति ही की जाती है। 

कुछ इसी तरह का ताजा मामला सामने आया है प्रखंड के मध्य विद्यालय तरहा में। यहां संचालित उत्प्रेरण केंद्र को छह माह संचालन की वजाय दो माह में बंद कर दिया गया जबकि पांच माह की राशि उठाव होने की बात खुद संचालक करते हैं।

मामला तब सामने आया जब शिक्षा समिति के अध्यक्ष सहित करीब दो दर्जन से भी अधिक महिला व पुरूष ग्रामीणों ने एक हस्ताक्षरित आवेदन जिला शिक्षा पदाधिकारी को देकर मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई किये जाने की मांग की।
विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार सहित ग्रामीण मुन्नी देवी, फुलो देवी, सुलेखा देवी, चंडिका देवी, बबीता देवी, दीपनारायण पंडित, अरूण कुमार, मनोज कुमार, फुलटुन बढ़ई, मो मशीर आलम, राम भगत, गिरधर कुमार, प्रदीप राम व अन्य ग्रामीणों के द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी को लिखे हस्ताक्षरित आवेदन में कहा गया है कि मध्य विद्यालय तरहा में 21 मई को उत्प्रेरण केंद्र का संचालन किया गया। जिसमें विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष या किसी सदस्यों को सूचना तक नहीं दिया गया, वहीं केंद्र के संचालन के दौरान बच्चों को गुणवत्ता पूर्ण खाना तक नसीब नहीं हुआ । इतना ही नहीं केंद्र संचालन के दो माह पश्चात 21 जुलाई को बगैर कोई सूचना के केंद्र को बंद कर बच्चों को भगा दिया गया। जब इस बात का पता चला कि केंद्र का छह माह संचालन होना था।। 

हेडमास्टर नृपेन्द्र ठाकुर ने फर्जी तरीके से पंजी तैयार कर फरवरी 2018 से ही केंद्र संचालित दिखाया गया है। वहीं केंद्र में बच्चों की संख्या 20 से 25 के बीच ही रहता था। लेकिन हेडमास्टर के द्वारा 40 से 50 बच्चों का उपस्थिति रोजाना दर्शाया जाता था।

इधर बताते चलें कि बनमा ईटहरी प्रखंड में दो जगहों मध्य विद्यालय तरहा और मुरली स्कूल में एक ही दिन उत्प्रेरण केंद्र खोला गया और एक ही दिन बंद भी कर दिया गया। दोनों केंद्र के संचालन जांच बिंदु का सवाल पैदा कर रहा है। बताया जाता है कि दोनों केंद्र द्वारा छह महीने की जगह दो माह ही केंद्र संचालित किया गया और पांच महीने का सरकारी राशि उठाव कर लिया गया। सही से जांच हो तो सरकारी राशि डकारने का पर्दाफाश हो सकता है।

इस बावत केंद्र के संचालक सह हेडमास्टर नृपेन्द्र ठाकुर ने पूछे जाने पर बताया कि सही है कि दो माह ही केंद्र का संचालन किया गया। केंद्र संचालन करने का छह माह का था, जिसमें कि पांच माह का पैसा दिया गया। पैसा विभाग को वापस कर दिया जाएगा।

Monday, 16 July 2018

नवविवाहिता युवती की बहियार से संदिग्ध अवस्था में शव बरामद

ननिहाल में रहती थी मृतिका,घास काटने गई नानी को ढूंढने गई थी बहियार

पुलिस ने कहा पोस्टमार्टम रिपोर्ट बाद ही मौत की गुत्थी सुलझने की उम्मीद

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) से ब्रजेश भारती की रिपोर्ट :-

सहरसा जिले के बनमा-ईटहरी ओपी क्षेत्र के मुन्दीचक बहियार से एक नवविवाहित युवती का शव बरामद किया गया है। 
मृतिका की पहचान मुन्दीचक गांव निवासी ब्रह्मदेव यादव उर्फ फोचो की 18 वर्षीय नतीनी रेणु कुमारी के रूप में हुई है। वह अपने ननिहाल में ही रहती थी। 

वही पुलिस को मामले की सुचना देने पर शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम हेतू सहरसा भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दिया है।

इस संबंध में मृतिका ने नाना ने ओपी पुलिस को लिखित आवेदन दे नातीन के पानी में डुबने से मौत होने की संभावना जताई है। 
वही घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि रेणु बहियार घास काटने गई अपनी नानी को ढूंढने गई हुई थी जब नानी बहियार में नहीं मिली तो वह वापस अपने ननिहाल स्थित घर आ रही थी कि खड़ड़ा धार में पैर फिसलने से गहरे पानी में चली गई जिसमें वह पानी में डुब गई जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतिका नवविवाहिता युवती का घर सलखुआ थाना क्षेत्र के माठा गांव बताया जाता है। जो मध्य विद्यालय सलखुआ के दसवें क्लास की छात्रा है। लेकिन वह जन्म से ही अपने नाना के घर मुंदीचक में ही रहती थी। युवती की शादी दो माह पहले ओपी क्षेत्र के रसलपुर गांव निवासी मौसम कुमार यादव के साथ हुई थी।
ओपी पुलिस के एएसआई उदय नाथ शर्मा ने बताया प्रथम दृष्टया बरामद शव को देखने से ऐसा नहीं लग रहा है कि उसकी पानी में डुबने से मौत हुई है पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सहरसा भेज दिया है रिपोर्ट के बाद ही मामले का खुलासा होगा। पुलिस अन्य पहलुओं को ध्यान में रख मामले की छानबीन शुरू कर दिया है।