सहरसा (स्थानीय संवाददाता): सहरसा व्यवहार न्यायालय परिसर में गवाही देने पहुंचे एक पीड़ित मजदूर परिवार को सरेआम जान से मारने और अंजाम भुगतने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। धमकी देने का आरोप जेल में बंद मुख्य आरोपी चुन्ना मुखिया के चचेरे भाई पर लगा है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने सदर थाना में आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। वहीं सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले में अग्रतर कार्रवाई शुरू कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, असम के धुबरी जिले के रहने वाले कृष्णा राय अपने परिवार के साथ सहरसा बस्ती स्थित स्टार ईंट भट्ठा पर मजदूरी का काम करते थे। आरोप है कि ईंट भट्ठा मालिक औवैसी करणी उर्फ चुन्ना मुखिया और उसके मुंशी अमित द्वारा मजदूर परिवार की महिलाओं व नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़खानी, गंदा काम, मारपीट और बंधुआ मजदूरी कराई जाती थी।
इस मामले में मार्च 2026 में सदर थाना और महिला थाना में पोक्सो एक्ट तथा बंधुआ मजदूरी अधिनियम के तहत प्राथमिकी (कांड सं० 330/26, 342/26 और 09/26) दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी चुन्ना मुखिया और उसके मुंशी अमित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, और आरोपी चुन्ना मुखिया अभी भी जेल में ही बंद है।
कोर्ट परिसर में दी धमकी
पीड़ित कृष्णा राय ने बताया कि 31 जुलाई की सुबह करीब 10:30 बजे वे अपने परिवार और अन्य गवाहों (हसेन अली, रोफिकुल हुसैन आदि) के साथ माननीय न्यायालय में गवाही देने पहुंचे थे। जैसे ही वे कोर्ट के मुख्य द्वार से अंदर जा रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने पीछे से आकर उन्हें रोका और गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोपी ने पीड़ित को धमकाते हुए कहा— "अगर तुमने चुन्ना मुखिया और मुंशी अमित के पक्ष में अपनी बच्चियों की गवाही नहीं करवाई, तो तुम और तुम्हारा परिवार जान से जाएगा। परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहो।"
पुलिस अधिकारी की सतर्कता से हुई पहचान
घटना के वक्त मौके पर मौजूद सदर थाना के 'बड़ा बाबू' ने मुस्तैदी दिखाते हुए भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को कोर्ट गेट के बाहर रोका और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी की पहचान मो० इमरान उर्फ लड्डू (43 वर्ष), पिता- स्व० मो० सहामत अली, निवासी- सहरसा बस्ती (वार्ड नं० 26) के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि इमरान जेल में बंद मुख्य आरोपी चुन्ना मुखिया का चचेरा भाई है। बताया जा रहा है कि कोर्ट गेट के बाहर 4-5 अन्य अज्ञात लोग भी किसी वाहन के साथ खड़े थे।
पीड़ित परिवार में दहशत, पुलिस से गुहार
न्यायालय परिसर जैसी सुरक्षित जगह पर सरेआम मिली इस धमकी से असम से आए पीड़ित मजदूर परिवार में भारी दहशत का माहौल है। पीड़ित कृष्णा राय ने सदर थाना अध्यक्ष से लिखित शिकायत कर आरोपी मो० इमरान एवं उसके अन्य साथियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और गवाहों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

No comments:
Post a Comment