Saturday, 21 March 2026

बिहार न्यूज: जमीन विवाद में घर में सो रही विवाहिता की गला रेतकर निर्मम हत्या, पति ने छत से कूदकर बचाई जान

सहरसा। बिहार के सहरसा जिले में जमीनी रंजिश ने एक खौफनाक रूप ले लिया है। सलखुआ थाना क्षेत्र के गौरदह पंचायत स्थित ओरेली भलेवा (वार्ड संख्या 7) में देर रात बेखौफ अपराधियों ने घर में घुसकर 25 वर्षीय विवाहिता रौशनी कुमारी की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के वक्त महिला का पति किसी तरह छत के रास्ते भागकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।

आहट सुनकर छत से भागा पति, पत्नी को उतारा मौत के घाट

मृतका के पति छेलाबिहारी ने खौफनाक मंजर बयां करते हुए बताया कि रात करीब एक बजे वे लोग सो रहे थे। तभी घर के बाहर कुछ आहट महसूस हुई। नींद खुलने पर उसने देखा कि दर्जनों की संख्या में हथियारबंद बदमाश उनके घर की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं। खतरा भांपकर वह शोर मचाते हुए छत के रास्ते भाग निकला। इधर, घर के अंदर सो रही रौशनी कुमारी बदमाशों के हत्थे चढ़ गई। हमलावरों ने उसकी गर्दन में ताबड़तोड़ चाकू गोद दिए, जिससे रौशनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। भागते वक्त बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए घर के बाहर हवाई फायरिंग भी की।


15 दिन पहले हुआ था विवाद, एफआईआर भी हुई थी दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सहरसा भेज दिया है। सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला जमीनी रंजिश से जुड़ा हुआ है। इसी महीने की 2 तारीख को दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर हिंसक झड़प हुई थी। उस समय सलखुआ थाने में दोनों तरफ से क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई गई थी। उस मामले के आरोपी फिलहाल फरार चल रहे थे और इसी बीच उन्होंने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।

ननिहाल में थे दोनों मासूम, सिर से उठा मां का साया

जानकारी के अनुसार, रौशनी कुमारी की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। उसके दो छोटे बच्चे हैं- पांच साल की बेटी कोमल और तीन साल का बेटा गोलू। गनीमत रही कि घटना के समय दोनों बच्चे अपने ननिहाल गए हुए थे, जिससे वे सुरक्षित हैं। हालांकि, इस जघन्य हत्याकांड ने दो मासूमों के सिर से हमेशा के लिए मां का साया छीन लिया है। मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी बिंदुओं की गहराई से जांच कर रही है। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

No comments: