सहरसा न्यूज़: बिहार के सहरसा जिले में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सलखुआ थाना क्षेत्र के कोपरिया गांव के बहियार (खेत) में दिनदहाड़े एक 20 वर्षीय युवती की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। युवती का शव मक्के के खेत से बरामद हुआ है। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घास लाने घर से निकली थी युवती
मृतका की पहचान कोपरिया पंचायत के वार्ड 13 निवासी धीरेन्द्र यादव की बेटी शुषम कुमारी (20 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शुषम रविवार दोपहर को घर से मवेशियों के लिए घास लाने बहियार की ओर गई थी। इसी दौरान यज्ञ स्थल से करीब दो किलोमीटर दूर मक्के के खेत में अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया और उसकी गर्दन में सटाकर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सूनसान इलाके का फायदा उठाकर आसानी से फरार हो गए।
महिलाओं ने देखा खून से लथपथ शव, मचा कोहराम
इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा तब हुआ जब गांव की कुछ अन्य महिलाएं घास लेकर वापस घर लौट रही थीं। रास्ते में मक्के के खेत के पास उन्होंने शुसम को खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा देखा। घबराई महिलाओं ने शोर मचाया और दौड़कर गांव वालों को इसकी सूचना दी। खबर फैलते ही परिजन और सैकड़ों ग्रामीण बदहवास हालत में मौके पर दौड़ पड़े। जवान बेटी का शव देखते ही परिजनों की चीख-पुकार निकल गई और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
एफएसएल की टीम ने जुटाए साक्ष्य
हत्या की सूचना मिलते ही सलखुआ थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। एसआई बबलू कुमार, कृष्णा प्रसाद और दीपक कुमार के बाद सर्किल इंस्पेक्टर मो. सुजाउद्दीन व थानाध्यक्ष संजना कुमारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सहरसा भेज दिया है। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए साइबर डीएसपी अजित कुमार के नेतृत्व में एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य संकलित किए हैं।
क्या कहती है पुलिस?
घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे साइबर डीएसपी अजित कुमार ने बताया, "कोपरिया गांव के बहियार में युवती का शव मिला है। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट है कि युवती की गोली मारकर हत्या की गई है; गोली सीधे गर्दन में मारी गई है। परिजनों के अनुसार, वह घास लाने गई थी तभी यह वारदात हुई।"
डीएसपी ने आगे कहा कि पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए हर एक बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है। जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है।


No comments:
Post a Comment