Wednesday, 16 January 2019

सहरसा की बेटियां बेटों से नहीं कम, राष्ट्रीय दौड़ प्रतियोगिता के लिए चयनित

राष्ट्रीय दौड़ प्रतियोगिता के लिए सहरसा की सगी बहनें हुई चयनित

यूपी के मथुरा में 20 जनवरी से आयोजित होने वाले प्रतियोगिता में होंगी शामिल

पटना में आयोजित क्रास कंट्री प्रतियोगिता में दोनों बहनें किया था शानदार प्रदर्शन

सहरसा से ब्रजेश भारती की रिपोर्ट :-

सहरसा। आगामी 20 जनवरी 19 से उत्तर प्रदेश के मथुरा में होनेवाले राष्ट्रीय दौड़ प्रतियोगिता के लिए सहरसा की दो बहनों का चयन हुआ है। 
राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में दो बहनों के चयन पर जिला एथलेटिक्स संघ ने हर्ष जताते हुए इसे सहरसा का गौरव बताया है। राज्य एथलेटिक्स संघ ने सहरसा शहर के वार्ड नंबर 2 पशुपालन कोलोनी निवासी जय किशोर साह की दोनों पुत्री पूजा कुमारी एवं प्रीतम कुमारी का चयन किया है।
संघ के जिला सचिव रौशन सिह धोनी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में 30 दिसंबर 18 को पटना में आयोजित राज्य स्तरीय क्रास कंट्री दौड़ प्रतियोगिता में इन दोनों प्रतिभागियों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। इसी प्रतियोगिता को आधार मानकर इन दोनों बहनों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। पूजा कुमारी का चयन अंडर-18 वर्ग में तथा प्रीतम का चयन अंडर-16 में किया है। दोनों बहन एथलेटिक्स के साथ-साथ बालीवाल की भी अच्छी खिलाड़ी है। 
इन दोनों के चयन पर जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अर्जुन चौधरी ने हर्ष जताते हुए कहा कि पूजा और प्रीतम पर गर्व है कि उन्होंने सहरसा जिला का नाम पूरे राज्य में गौरवान्वित किया है। उन्होंने इसके लिए दोनों को बधाई देते हुए पूरी लगन से राष्ट्रीय दौड़ प्रतियोगिता की तैयारी में जुट जाने की अपील की जिससे राष्ट्र स्तर पर बिहार का नाम रौशन हो सकें। इन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में इनके प्रशिक्षक धर्मेन्द्र सिंहह नयन, अंशु कुमार मिश्रा, रूपेश कामत का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। 
इन दिनों कई खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को राज्य व राष्ट्र स्तर पर प्रसिद्धि मिली है। सचिव ने बताया कि पूजा और प्रीतम 17 जनवरी को पटना जाएंगी और वहीं से फिर मथुरा के लिए रवाना होंगी। 
इनके चयन पर विजय गुप्ता, चन्द्रशेखर अधिकारी, समीर पाठक, रंजन यादव, दिनेश कुमार पिंटू, मो उमर हयात गुडडु, विप्लव रंजन, मो सैयद समी अहमद, अमन सिंह, मो वकार आलम, राणा रंजन सिंह, अमित अमर, सिद्धार्थ सिंह सिद्धु, शशिशेखर झा, सुनील कुमार झा, मंजू श्रीवात्सयायन, शंभू प्रसाद यादव, डा राजीव कुमार सिंह आदि ने उन्हें बधाई देते हुए हर्ष जताया है।

No comments: