Wednesday, 5 December 2018

फिर बे-पटरी हुई शहीद राजनंदन भारत गैस एजेंसी की वितरण व्यवस्था

अधिकांश उपभोक्ता नंबर लगाने से लेकर डिलेवरी तक रहते हैं परेशान

गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष वितरण व्यवस्था हुई थी सुदृढ़ लेकिन फिर ढ़ाक के तीन पात

सिमरी बख्तियारपुर(सहरसा) ब्रजेश भारती की रिपोर्ट :-

सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर नगर पंचायत क्षेत्र के माल गोदाम रोड स्थित शहीद भारत गैस एजेंसी की वितरण व्यवस्था एक फिर चरमराती नजर आ रही है।
गैस एजेंसी के कार्यालय का कोई फिक्स टाइम टेबल नही रहने की वजह से गैस उपभोकताओ को विभिन्न प्रकार की कठिनाईयो का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को गैस उपभोक्ताओं ने बताया कि हम सभी लगभग एक सप्ताह से गैस का नंबर लगाने के लिए परेशान हैं। 

वहीं यह ऑफिस कभी खुलती है, तो कभी बंद रहती है। जब खुलती है तो हम लोगों को नंबर नहीं मिल पाता है। गैस एजेंसी के कर्मी फोन पर गैस बुक नहीं करते। वहीं गैस डो टू डोर सर्विस भी नहीं दिया जाता है। 

बुधवार को कार्यालय के समय के अनुसार ही उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। घंटों उपभोक्ताओं द्वारा इंतजार करने के बाद भी कार्यालय नहीं खुला। सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड की बलहमपुर गांव की एक शिक्षिका सुशीला कुमारी लगातार एक सप्ताह से गैस के नंबर लगाने के लिए परेशान थी। सुशीला बताती है कि गैस एजेंसी से गैस लेने में कोई फायदा नहीं है। बराबर यहां परेशानी बनी रहती है। नौकरी पेशा आदमी नौकरी करें या फिर गैस एजेंसी का चक्कर लगाते रहे। 
वही नगर पंचायत ब्लॉक के हरी मोहन भगत, तरियामा के पंकज गुप्ता आदि सहित दर्जनों गैस उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी की परेशानी संबंधित कथा सुनाया। उपभोक्ता ने कहा कि समय पर गैस नहीं मिलने, नंबर नहीं लगाना, घर तक गैस होम डिलीवरी नहीं होना, टेलीफोन नहीं उठाना गैस बुकिंग नहीं होना आम बात है।

इस संबंध में जब एजेंसी के मैनेजर पवन सिंह से फोन किया गया तो फोन रिसिव नहीं किया गया। यहां बताते चलें कि गत वर्ष इस गैस एजेंसी की वितरण व्यवस्था काफी खराब रहने की वजह से आए दिन उपभोक्ताओं का प्रदर्शन हुआ करता था। कई बार जांच भी की गई। हालांकि कुछ दिनों बाद वितरण व्यवस्था सुदृढ़ हो गई जो पिछले माह तक ठीक ठाक चल रही थी लेकिन एक सप्ताह से फिर वितरण व्यवस्था चरमरा गई है। 

No comments: